Asian Games Volleyball: भारत ने Hong Kong को 3-0 से हराया, दर्ज की लगातार दूसरी जीत

asian games
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने एशियाई खेलों के पूल-सी में हांगकांग को 3-0 से हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने वियतनाम को भी हराया था और अब उसका अगला मुकाबला कतर से होगा। मुख्य कोच ड्रैगन मिहाइलोविच ने टीम के खेल में सुधार की बात करते हुए इस बार सेमीफाइनल में पहुंचने का लक्ष्य रखा है।

भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने सोमवार को एशियाई खेलों के पूल-सी के मुकाबले में हांगकांग को 3-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने मुकाबले में 3-0 (25-22, 25-19, 25-21) से जीत हासिल की। भारत ने सभी सेट अपने नाम किए, लेकिन हांगकांग ने हर सेट में उसे कड़ी चुनौती दी। हांगकांग ने लंबे समय तक भारत की बढ़त को एक-दो अंकों से अधिक नहीं होने दिया। निर्णायक मौकों पर भारतीय खिलाड़ियों ने अपना स्तर ऊंचा उठाया और मैच अपने पक्ष में कर लिया। 

हांगकांग ने लगातार दबाव बनाए रखा और भारतीय टीम को पूरे मुकाबले में अपनी लय बरकरार रखने तथा अंतिम चरण में सटीक खेल दिखाने के लिए मजबूर किया। खासकर दाएं छोर से उसके आक्रमण प्रभावी रहे, जिससे भारतीय रक्षापंक्ति को परेशानी हुई और वह मुकाबले में बना रहा। भारत ने इससे पहले वियतनाम को भी 3-0 से हराकर अभियान की शुरुआत की थी। 

भारतीय टीम अब मंगलवार को कतर का सामना करेगी। भारत के मुख्य कोच ड्रैगन मिहाइलोविच ने कहा कि टीम ‘‘अब भी अच्छे प्रदर्शन की तलाश में है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमसे कई छोटी-छोटी गलतियां हुईं। समस्या थोड़ी मानसिक है। हांगकांग के खिलाड़ी कुछ आसान गलतियां कर रहे थे, लेकिन एक गंभीर टीम के रूप में हम यह उम्मीद नहीं कर सकते कि कोई हमारे लिए गलतियां करेगा और हम मैच जीत जाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हमें अपने खेल पर ध्यान देने की जरूरत है। 

भले ही विपक्षी टीम अपने अच्छे दिन में न हो, हमें अपना काम करना होगा और मैच को जल्द से जल्द खत्म करना होगा।’’ कोच ने कहा कि टीम 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों के प्रदर्शन से बेहतर करना चाहती है, जहां भारत छठे स्थान पर रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘लक्ष्य पिछली बार चीन में किए प्रदर्शन से बेहतर करना है। टीम छठे स्थान पर रही थी और हमारे पास क्वार्टर फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करके सेमीफाइनल में पहुंचने का बहुत अच्छा मौका है। उम्मीद है कि हम शीर्ष चार में जगह बनाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़