विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: Kajal Dhochack और नीलम सेमीफाइनल में पहुंचीं

अस्ताना में चल रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया है। दो बार की अंडर-20 विश्व चैंपियन काजल धोचक और नीलम ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह सुरक्षित कर ली है। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भारत के पदक की उम्मीदें बरकरार हैं।
दो बार की अंडर-20 विश्व चैंपियन काजल धोचक (76 किलोग्राम) और नीलम (50 किलोग्राम) ने मंगलवार को यहां महिला वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत को पदक की दौड़ में बनाए रखा। काजल ने मंगोलिया की दावानासन एंख अमार पर 9-2 की जीत दर्ज करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई। इससे पहले उन्होंने लिथुआनिया की कामिले ग्रिस्किएने गौकाइट को हराया था।
नीलम ने प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में बेलारूस की नतालिया वाराकिना को 6-0 से हराया। रूस की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी एलिजावेटा स्मिरनोवा चोट के कारण क्वार्टरफाइनल से हट गईं जिससे नीलम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही। इससे पहले रजनीता ने महिला 65 किलोग्राम वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले में 2024 की विश्व रजत पदक विजेता कटेरीना ज़ेलेनिख को 8-6 से हराकर उलटफेर किया।
वह अपना अच्छा प्रदर्शन जारी नहीं रख पाई और क्वार्टर फाइनल में उन्हें मोल्दोवा की इरिना रिंगासी से हार का सामना करना पड़ा। नेहा शर्मा ने महिला 57 किलोग्राम वर्ग में अल्जीरिया की अचुआक जमीला टेकुक पर 4-2 से जीत हासिल करके प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन वह अगले दौर में बेलारूस की इरीना कुराचकना से 1-4 से हार गईं। इससे पहले भारत के ग्रीको-रोमन पहलवानों का इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन निराशाजनक रहा तथा केवल ललित (55 किलोग्राम) ही पदक राउंड तक पहुंच पाए।
अन्य न्यूज़














