Lockie Ferguson और Matt Henry चोट के कारण तीसरे टी20 से बाहर, कीवी टीम में बदलाव

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने कार्यभार प्रबंधन और मामूली चोटों के कारण भारत के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की अपनी टीम में कई फेरबदल किए हैं। मुख्य तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी इस मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे, जबकि ब्लेयर टिकनर और मैट फिशर को टीम में जोड़ा गया है।
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के बाकी मुकाबलों के लिए अपनी टीम में कई बदलाव किए हैं जिसमें तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी मामूली चोट संबंधी परेशानियों और कार्यभार प्रबंधन के कारण तीसरे टी20 मैच में नहीं खेलेंगे। फर्ग्यूसन रविवार को ऑकलैंड के लिए रवाना होंगे और ईडन पार्क और सेडन पार्क में होने वाले चौथे और पांचवें टी20 मैच के लिए फिर से टीम से जुड़ेंगे। हेनरी क्राइस्टचर्च में ही रहेंगे और दो नवंबर को ऑकलैंड में वनडे टीम के साथ जुड़ेंगे।
भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में हेनरी ने केवल दो ओवर गेंदबाजी की थी। फर्ग्यूसन भी एहतियात के तौर पर मैदान से बाहर चले गए थे। उनके सीरीज के अंतिम दो मैचों में वापसी करने की संभावना है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने रविवार को न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा साझा किए गए वीडियो में कहा, ‘‘दोनों खिलाड़ियों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। सार्वजनिक अवकाश के बाद मंगलवार को उनके कुछ स्कैन किए जाएंगे। इसके बाद हमें उनकी स्थिति के बारे में अधिक जानकारी मिलेगी।
हमेशा की तरह, हम सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि वे जल्द से जल्द वापसी कर सकें। ’’ काइल जैमीसन मंगलवार को हेनरी स्टेडियम में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद वेलिंगटन में ही रुकेंगे। वह 31 अक्टूबर को सेलो बेसिन रिजर्व में फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी के लिए खेलेंगे और इसके बाद एकदिवसीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे।
ब्लेयर टिकनर अंतिम तीन टी20 मैचों के लिए जबकि जोश क्लार्कसन को अंतिम दो मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किया गया है। मैट फिशर को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इसके बाद वह फिर से न्यूजीलैंड ए टीम से जुड़ जाएंगे।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम का गेंदबाजी विभाग काफी मजबूत है और इससे आगे के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘टी20 श्रृंखला अभी तक काफी कड़ी रही है, जिसमें दो बेहद करीबी मैच खेले गए लेकिन अभी हमें काफी क्रिकेट खेलनी है।’’ वाल्टर ने कहा, ‘‘हमारे पास कई विकल्प मौजूद हैं और इसलिए हम अलग-अलग खिलाड़ियों को टीम में शामिल करके तेज गेंदबाजों का कार्यभार प्रबंधन अच्छी तरह से कर सकते हैं। इससे हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि वह आने वाले मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।’’
अन्य न्यूज़













