Novak Djokovic ने Rafael Nadal का रिकॉर्ड तोड़ा, China Open में दर्ज की 32वीं जीत

नोवाक जोकोविच ने चाइना ओपन में अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 4-6, 6-4, 6-4 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। बीजिंग में यह जोकोविच की लगातार 32वीं जीत है, जिसके साथ उन्होंने राफेल नडाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। अब वह खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंच गए हैं।
नोवाक जोकोविच के लिए बीजिंग का सफर एक बार फिर खास साबित हो रहा है। 39 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी ने रविवार शाम शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 4-6, 6-4, 6-4 से हराकर चाइना ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। करीब 2 घंटे 35 मिनट चले इस मुकाबले के बाद बीजिंग में जोकोविच की लगातार जीत का आंकड़ा 32 तक पहुंच गया है।
गौरतलब है कि पुरुष सिंगल्स में किसी प्रतियोगिता में लगातार इतनी जीत के साथ शुरुआत करने का यह ओपन युग का सबसे शानदार रिकॉर्ड है। इससे पहले यह उपलब्धि राफेल नडाल के नाम थी, जिन्होंने फ्रेंच ओपन में लगातार 31 मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की थी। जोकोविच ने एक और जीत के साथ अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़ दिया है। अब उनकी नजर चाइना ओपन का रिकॉर्ड 7वां खिताब जीतने पर हैं।
हालांकि ज्वेरेव के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत जोकोविच के पक्ष में नहीं रही थी। पहले ही गेम में उनकी सर्विस टूट गई थी और जर्मनी के खिलाड़ी ने इस बढ़त का फायदा उठाते हुए पहला सेट 6-4 से अपने नाम कर लिया था। इसके बाद जोकोविच ने अपने खेल में बदलाव किया और कोर्ट के पीछे से लगातार बेहतर शॉट लगाने लगे।
दूसरे सेट में उन्होंने ज्वेरेव पर दबाव बढ़ाया और 6-4 से सेट जीतकर मुकाबले में वापसी की। निर्णायक सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन जोकोविच ने सही समय पर ज्वेरेव की सर्विस तोड़ी और फिर अपनी बढ़त कायम रखते हुए तीसरा सेट भी 6-4 से जीत लिया।
इस जीत के साथ जोकोविच ने इस सत्र में शीर्ष 2 खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में यानिक सिनर को हराया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, वह 1973 से शुरू हुई पुरुष खिलाड़ियों की विश्व रैंकिंग में 39 साल की उम्र के बाद शीर्ष 3 में शामिल किसी खिलाड़ी को हराने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले केन रोजवॉल और जिमी कॉनर्स ऐसा कर चुके हैं।
मुकाबले के पहले सेट में एक नियम को लेकर दोनों खिलाड़ियों के बीच दिलचस्प बहस भी देखने को मिली थी। ज्वेरेव ने एक विज्ञापन बोर्ड में बदलाव का हवाला देते हुए वीडियो समीक्षा की मांग की थी। समीक्षा के बाद अंक दोबारा खेला गया। इस पर जोकोविच ने अंपायर से नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर खेल के दौरान कोई बाधा दिखाई दे तो खिलाड़ी को उसी समय रुकना चाहिए। बाद में उन्होंने इस नियम में बदलाव को बेहद बेवजह बताया था।
अब सेमीफाइनल में जोकोविच का सामना दानिल मेदवेदेव से होगा। मेदवेदेव ने फ्रांसिस्को सेरुंडोलो को 7-6(4), 6-3 से हराकर अंतिम 4 में जगह बनाई है। वह हांगझोउ में खिताब जीतने के बाद लगातार 7 मुकाबले जीत चुके हैं।
दूसरे सेमीफाइनल में एलेक्स डी मिनौर और हुबर्ट हुर्काच आमने-सामने होंगे। डी मिनौर ने आंद्रे रुबलेव को 1-6, 6-2, 6-3 से हराया है, जबकि हुर्काच ने करेन खाचानोव को 7-6(2), 6-2 से मात दी है। डी मिनौर बीजिंग में पिछले साल भी सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। वहीं, हुर्काच फरवरी 2025 में रॉटरडैम के बाद पहली बार 250 स्तर से ऊपर की प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
अन्य न्यूज़














