अभिषेक शर्मा के तूफानी खेल के सामने हमारा प्लान बी भी नाकाम रहा: शमर स्प्रिंगर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर शमर स्प्रिंगर ने तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत से मिली 14 रन की हार के बाद अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारतीय सलामी बल्लेबाज के आक्रामक रुख को थामने के लिए उनकी टीम ने रक्षात्मक रणनीति बनाई थी, लेकिन वह काम नहीं आई। अभिषेक ने 30 गेंदों में 69 रन बनाकर अपनी टीम की जीत की नींव रखी थी।

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर शमर स्प्रिंगर ने कहा कि उनकी टीम ने शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा के खिलाफ यथासंभव रक्षात्मक रवैया अपनाने का ‘प्लान बी’ भी तैयार किया था लेकिन इस भारतीय सलामी बल्लेबाज ने शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए जिससे उनकी टीम को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 14 रन से हार का सामना करना पड़ा। अभिषेक ने 30 गेंद पर 69 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाकर अपना 14वां अर्धशतक पूरा किया और साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बने।

स्प्रिंगर ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी है और उसकी प्रशंसा करनी होगी। हमारा प्लान बी यही था कि हम उसके सामने जितना हो सके रक्षात्मक खेलें और उसे एक या दो रन बनाने के लिए मजबूर करें। हमने तय किया था कि हम उसके सामने ज्यादा जोखिम नहीं लेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम बस इतनी कोशिश कर रहे थे कि उसे जितना संभव हो आक्रामक खेलने से रोका जाए।

विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा था और आप वास्तव में अधिक नियंत्रण नहीं रख सकते। वह विश्व का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज है और इसलिए रक्षात्मक होने के अलावा आप वास्तव में कुछ खास नहीं कर सकते।’’ स्प्रिंगर ने कहा कि वेस्टइंडीज को लगा था कि 224 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है और वे मैच को और भी रोमांचक बना सकते थे। स्प्रिंगर ने केवल 11 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हुआ क्योंकि वेस्टइंडीज सात विकेट पर 209 रन तक ही पहुंच पाया।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय गेंदबाजों की तारीफ करनी होगी। उन्होंने वास्तव में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हमने आखिर में उन्हें कुछ ज्यादा रन बनाने दिए।

हमें लगा था कि विकेट थोड़ा बेहतर खेलेगा। गेंद हमारी उम्मीद से थोड़ी नीचे रही। साथ ही हमें लगा था कि दूसरी पारी में ओस होगी, लेकिन वास्तव में ओस नहीं थी।

भारतीय गेंदबाजों ने विकेट का बेहतर इस्तेमाल किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़