संजू सैमसन और Abhishek Sharma के मानसिक नियंत्रण की Sitanshu Kotak ने की तारीफ

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने क्राइस्टचर्च में सलामी बल्लेबाजों संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के निडर दृष्टिकोण और खेल पर उनके मजबूत मानसिक नियंत्रण की जमकर सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि अंतिम एकादश का चयन लोगों की पसंद से नहीं बल्कि टीम के हित में होता है।

भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ करते हुए शुक्रवार को यहां कहा कि ‘ताकत, प्रतिभा और इरादे’ के अलावा इन दोनों खिलाड़ियों का अपने दिमाग पर भी जबरदस्त नियंत्रण है। कोटक ने कहा कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल करने की सोशल मीडिया पर चल रही मांग के बावजूद टीम प्रबंधन ने जिस तरह से सैमसन और अभिषेक का समर्थन किया उसके लिए उसकी सराहना की जानी चाहिए। सूर्यवंशी को एशियाई खेलों के बाद खेलने का मौका नहीं मिला है लेकिन ईशान किशन के चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से बाहर हो जाने के बाद अब उन्हें मौका मिल सकता है।

कोटक ने कहा, ‘‘इन तीनों सलामी बल्लेबाजों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। लोगों को समझना चाहिए कि टीम प्रबंधन के फैसले टीम के हित में होते हैं। लोगों की मर्जी के हिसाब से अंतिम एकादश का चयन नहीं किया जा सकता।’’ कोटक ने सैमसन की विशेष रूप से प्रशंसा की, जिन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘‘संजू दमदार खिलाड़ी है। उन्होंने पहले मैच में जिस तरह से बल्लेबाजी थी वह काबिले तारीफ है। हमारे सामने बड़ा लक्ष्य था।

अगर आप कभी खुद को एक बल्लेबाज की जगह रखकर सोचें कि आपको पहले दो ओवरों में तीन या चार छक्के लगाने हैं, तो आपको भी आउट होने का डर लगेगा।’’ कोटक ने कहा, ‘‘अगर आप दो या तीन मैचों में जल्दी आउट हो जाते हैं तो आपको लगेगा कि आपको टीम से बाहर कर दिया जाएगा। लेकिन हमारे सलामी बल्लेबाजों ने अपनी इरादे दिखाए। उनका अपने दिमाग पर भी गजब का नियंत्रण है और वह निडर रवैया अपनाते हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़