WPL Auction: UP Warriorz ने Sophie Molineux को 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा

महिला प्रीमियर लीग की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू पर यूपी वॉरियर्स ने 1.1 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी बोली लगाई। इस नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने किरण नवगिरे को 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा, जबकि कई प्रमुख खिलाड़ियों को कोई खरीदार नहीं मिला।
यूपी वॉरियर्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू को 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि भारतीय हरफनमौला स्नेह राणा को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। अनुभवी स्पिन गेंदबाज मोलिन्यू का नीलामी में आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। दिल्ली कैपिटल्स ने आक्रामक बल्लेबाज किरण नवगिरे को 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।
दो बार की डब्ल्यूपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने भी उन्हें खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी। पिछले सत्र में वॉरियर्स के पास विशेषज्ञ विकेटकीपर नहीं था। इस कमी को दूर करने के लिए फ्रेंचाइजी ने भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज सुषमा वर्मा को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस को भी 30 लाख रुपये में खरीदकर टीम को मजबूती प्रदान करने की कोशिश की। गुजरात जायंट्स ने भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमालिनी को 40 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। मुंबई इंडियंस ने दिशा कासत को उनके 10 लाख रुपये के आधार मूल्य पर खरीदा।
भारतीय तेज गेंदबाज टिटास साधु को पहले दौर में कोई खरीदार नहीं मिला। मुंबई इंडियंस की पूर्व स्पिनर सायका इशाक को भी खरीददार नहीं मिला। विकेटकीपर-बल्लेबाज तानिया भाटिया और युवा विकेटकीपर उमा छेत्री को भी किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा।
टी20 क्रिकेट में दोनों का स्ट्राइक रेट अपेक्षाकृत कम रहा है। गुजरात जायंट्स के लिए खेल चुकी इंग्लैंड की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज सोफिया डंकली को भी नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला। दो बार की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नीलामी के अंतिम दौर में ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर जेस जोनासन को 40 लाख रुपये में खरीदा।
जोनासन कूल्हे की चोट के कारण महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में नहीं खेल रही हैं, लेकिन डब्ल्यूपीएल शुरू होने तक उनके फिट होने की उम्मीद है। यूपी वॉरियर्स ने नीलामी के अंतिम दौर में स्कॉटलैंड की हरफनमौला कैथरीन ब्राइस को 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। वह नीलामी में बिकने वाली किसी एसोसिएट देश की पहली खिलाड़ी बनीं।
दिल्ली कैपिटल्स ने स्कॉटलैंड की बाएं हाथ की स्पिनर क्रिस्टी गॉर्डन को 10 लाख रुपये में खरीदा। टीम ने 15 वर्षीय ऑलराउंडर उमा काशवी को भी इतनी ही कीमत पर अपने साथ जोड़ा। इससे पहले गुजरात जायंट्स ने आयरलैंड की ऑलराउंडर ओर्ला प्रेंडरगास्ट को 30 लाख रुपये में खरीदा था।
मुंबई इंडियंस ने कासट के अलावा सानिका चालके, भारती रावल और लतिका इनामदार को भी 10-10 लाख रुपये में टीम में शामिल किया। इनमें किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय मैच का अनुभव नहीं है। यूपी वॉरियर्स की स्वामित्व वाली कंपनी कैप्री स्पोर्ट्स के मुख्य परिचालन अधिकारी और क्रिकेट निदेशक क्षेमल वाइंगणकर ने कहा, ‘‘टीम में एक और स्पिनर सोफी मोलिन्यू को शामिल करना उनके लिए अच्छी स्थिति है।’’ उन्होंने कहा कि ग्रेस हैरिस और सोफी मोलिन्यू के होने से टीम को अपनी जरूरत के अनुसार संयोजन बदलने का विकल्प मिलेगा।
गुजरात जायंट्स के मुख्य कोच माइकल क्लिंगर ने कहा कि कमालिनी को टीम में शामिल करना अच्छा फैसला रहा। उन्होंने कहा, “हमारे हिसाब से कमालिनी नीलामी की सबसे अच्छी और प्रतिभाशाली बल्लेबाज थीं। हम अपनी टीम में एक ऑलराउंडर भी शामिल करना चाहते थे।” नीलामी के दूसरे दौर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने तेजल हसबनिस और दक्षिण अफ्रीका की क्लो ट्रायोन को 30-30 लाख रुपये में, जबकि वृंदा दिनेश को 10 लाख रुपये में खरीदा।
यूपी वॉरियर्स ने आशा शोभना को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जबकि गुजरात जायंट्स ने 16 वर्षीय समरिया राघव को 10 लाख रुपये में खरीदा। मुंबई इंडियंस ने हरफनमौला अक्षता भगत को 10 लाख और श्वेता सहरावत को 20 लाख रुपये में टीम से जोड़ा।
अन्य न्यूज़













