Yuki Bhambri ने Ryan Seggerman के साथ जीता Almaty Open युगल खिताब

कजाखस्तान में भारत के शीर्ष युगल खिलाड़ी युकी भांबरी और अमेरिका के रयान सेगरमैन ने शीर्ष वरीय जोड़ी को हराकर सत्र का पहला एटीपी टूर खिताब हासिल किया। फाइनल मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त इस जोड़ी ने ऑस्ट्रिया के लुकास मीडलर और नील ओबरलीट्नर को 7-6(3), 6-7(1), 10-2 से मात दी। यह भांबरी के करियर का कुल पांचवां एटीपी युगल खिताब है।
भारत के नंबर एक युगल खिलाड़ी युकी भांबरी ने अमेरिका के अपने जोड़ीदार रयान सेगरमैन के साथ मिलकर रविवार को यहां अल्माटी ओपन एटीपी 250 टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष युगल का खिताब जीता। भारत और अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने ऑस्ट्रिया के लुकास मीडलर और नील ओबरलीट्नर की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को एक रोमांचक फाइनल में 7-6(3), 6-7(1), 10-2 से हराया। भांबरी का यह वर्ष 2026 का पहला एटीपी टूर खिताब है।
यह एटीपी टूर पर उनका करियर का कुल पांचवा युगल खिताब है। भांबरी ने इससे पहले 2023 में मालोर्का में, 2024 में गस्टाड और म्यूनिख में और 2025 में एटीपी 500 दुबई टूर्नामेंट में एटीपी 250 खिताब जीते थे। न्यूजीलैंड के अपने साथी माइकल वीनस के साथ एटीपी 250 जिनेवा ओपन में उपविजेता रहने के बाद 34 वर्षीय भांबरी का एटीपी टूर्नामेंट में यह इस सत्र का दूसरा फाइनल था।
युकी ने पीटीआई से कहा, ‘‘मैं इस साल लगातार अपने खेल में सुधार कर रहा हूं। हालांकि, नतीजे उतने अच्छे नहीं रहे, जितनी मुझे उम्मीद थी। पिछले कुछ महीनों में भी मैं कई करीबी मुकाबले हार गया।
इस सप्ताह यही अंतर रहा। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरे जोड़ीदार रयान और मैंने इस टूर्नामेंट में बहुत अच्छी सर्विस की और अंक जीतने के कई मौके बनाए। टूर्नामेंट जीतने के लिए अहम पलों में और दबाव की स्थिति में अच्छा खेलना जरूरी होता है और इस सप्ताह हम ऐसा करने में सफल रहे।
’’ यह इस सत्र में युकी का दूसरा एटीपी फाइनल था। इससे पहले वह न्यूजीलैंड के खिलाड़ी माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाकर एटीपी 250 जिनेवा ओपन के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा था। भांबरी फरवरी में अपने करियर की सर्वोच्च रैंकिंग 18 पर पहुंचे थे लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन अनुकूल नहीं रहा जिससे वह शीर्ष 40 से बाहर हो गए।
इस वर्ष उन्होंने स्वीडन के आंद्रे गोरान्सन के साथ ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष युगल के तीसरे दौर में जगह बनाई, लेकिन फ्रेंच ओपन में वह दूसरे दौर में हार गए थे। उन्हें विंबलडन और अमेरिकी ओपन में पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा, जहां उन्होंने माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाई थी।
अन्य न्यूज़













