Engineers Day: आधुनिक भारत की नींव रखने वाले Sir M Visvesvaraya का योगदान और इतिहास

भारत में प्रतिवर्ष 15 सितंबर को महान इंजीनियर भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर इंजीनियर्स डे मनाया जाता है। यह दिन राष्ट्र निर्माण और तकनीकी विकास में इंजीनियरों के योगदान को सम्मानित करने तथा युवाओं को प्रेरित करने का अवसर है। सर विश्वेश्वरैया ने देश के आधुनिक इंजीनियरिंग और औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाई थी।
भारत में हर साल 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे मनाया जाता है। यह दिन देश के महान इंजीनियर, विद्वान और प्रशासक भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के मौके पर मनाया जाता है। सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया का जन्म 15 सितंबर 1861 को हुआ था। भारतीय इंजीनियरिंग और राष्ट्र निर्माण में विश्वेश्वरैया के योगदान को सम्मान देने के लिए उनकी जन्मतिथि को अभियंता दिवस के रूप में मनाया जाता है। विश्वेश्वरैया को भारत के आधुनिक इंजीनियरिंग विकास के प्रमुख वास्तुकारों में गिना जाता है। यह दिन सिर्फ इंजीनियरिंग पेशे से जुड़े लोगों को सम्मान देने का दिन नहीं है, बल्कि यह दिन तकनीक, विज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में इंजीनियरों की भूमिका को रेखांकित करता है।
जानिए क्यों मनाया जाता है इंजीनियर्स डे
इस दिन को मनाए जाने का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग के क्षेत्र में योगदान करने वाले लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है। विश्वेश्वरैया ने अपने काम के माध्यम से दिखाया कि इंजीनियरिंग सिर्फ पुलों, बांधों और इमारतों के निर्माण तक सीमित नहीं है। यह समाज की समस्याओं के समाधान और देश के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाता है।
सर एम. विश्वेश्वरैया
सर एम. विश्वेश्वरैया देश के प्रसिद्ध सिविल इंजीनियर, प्रशासक और राष्ट्र निर्माता थे। साल 1955 में विश्वेश्वरैया को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उन्होंने इंजीनियरिंग के अलावा प्रशासन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई थी।
साल 1912 से 1918 तक विश्वेश्वरैया मैसूर रियासत के दीवान रहे थे, इस दौरान उन्होंने औद्योगिक और संस्थागत विकास को बढ़ावा दिया था। विश्वेश्वरैया के योगदान में मैसूर साबुन फैक्ट्री, भद्रावती का आयरन एंड स्टील प्लांट और स्टेट बैंक ऑफ मैसूर जैसे संस्थानों से जुड़े प्रयास भी शामिल हैं।
महत्व
आज के समय में इंजीनियर देश की तकनीकी विकास और अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाते हैं। रेलवे, सड़क, मेट्रो, पुल, बिजली, सॉफ्टवेयर AI, मोबाइल नेटवर्क, अंतरिक्ष तकनीक, रोबोटिक्स और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे फील्ड में इंजीनियरों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
अन्य न्यूज़













