Leftover Khichdi Dishes: बच गई है खिचड़ी तो उससे बनाएं ये मजेदार डिशेज

Khichdi
Creative Commons licenses
मिताली जैन । Jun 2 2024 9:41AM

अगर शाम को खिचड़ी बच गई है तो आप उससे पराठा भी बना सकते हैं। बची हुई खिचड़ी को आप फिलिंग के रूप में इस्तेमाल करें। इसके लिए आटे की लोई लेकर उसका बेल लें। अब बीच में एक चम्मच खिचड़ी रखें और उसे मोड़कर फिर से बेल लें।

जब हमारा कुछ हल्का खाने का मन होता है तो ऐसे में लोग खिचड़ी खाना पसंद करते हैं। यह एक वन पॉट मील है, जिसे बेहद ही आसानी से बनाया जा सकता है। अमूमन खिचड़ी को गरमा-गरम खाना ही लोग पसंद करते हैं। लेकिन अगर खिचड़ी बच जाती है तो बाद में उसे कोई भी खाना पसंद नहीं करता है। वैसे तो खिचडी को दोबारा गरम किया जा सकता है, लेकिन अमूमन लोग ऐसा कम ही करते हैं। ऐसे में सबसे अच्छा तरीका होता है कि खिचड़ी को एक नए तरीके से सर्व किया जाए।

जी हां, जिस तरह आप बची हुई रोटियों या चावल आदि से कई तरह की नई डिशेज बनाकर खाते हैं, ठीक उसी तरह खिचड़ी से भी कई तरह की डिशेज बनाई जा सकती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बची हुई खिचड़ी से बनने वाली कुछ मजेदार डिशेज के बारे में बता रहे हैं-

इसे भी पढ़ें: नारियल का लड्डू दूर करेंगा हड्डियों का दर्द, नोट करें आसान रेसिपी

खिचड़ी पराठा

अगर शाम को खिचड़ी बच गई है तो आप उससे पराठा भी बना सकते हैं। बची हुई खिचड़ी को आप फिलिंग के रूप में इस्तेमाल करें। इसके लिए आटे की लोई लेकर उसका बेल लें। अब बीच में एक चम्मच खिचड़ी रखें और उसे मोड़कर फिर से बेल लें। पराठे को तवे पर थोड़ा तेल या घी डालकर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक पकाएं।  

खिचड़ी उपमा

नाश्ते में खिचड़ी उपमा भी बनाया जा सकता है। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। खिचड़ी उपमा बनाने के लिए एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें और उसमें सरसों के दाने, करी पत्ता और उड़द दाल डालें। कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालें और प्याज के पारदर्शी होने तक भूनें। बची हुई खिचड़ी मिलाएं और कुछ मिनट तक पकाएं। ऊपर से थोड़ा नींबू का रस निचोड़ें और ताज़ा धनिया से गार्निश करें।

खिचड़ी सूप

बची हुई खिचड़ी से डिलिशियस सूप भी बनाया जा सकता है। सूप बनाने के लिए बची हुई खिचड़ी को थोड़े पानी या वेजिटेबल स्टॉक के साथ मिक्सर में डालकर सूप जैसा गाढ़ापन बना लें। अब आप इसे गरम करें और अब इसमें स्वादानुसार नमक, काली मिर्च और अन्य मसाले डालें। परोसने से पहले धनिया या पार्सले जैसे कुछ हर्ब्स को मिलाएं।

- मिताली जैन

All the updates here:

अन्य न्यूज़