Budget से पहले CREDAI की मांग, Affordable Housing की सीमा बढ़ाकर 90 लाख करे सरकार

Housing Price Cap
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

क्रेडाई ने बजट पूर्व सिफारिशों में 90 लाख रुपये तक के घरों को किफायती आवास श्रेणी में शामिल करने का सुझाव दिया है, जिसकी मौजूदा सीमा 45 लाख रुपये है। संगठन ने मांग और आपूर्ति बढ़ाने के लिए क्षेत्रफल आधारित नई परिभाषा और डेवलपर्स के लिए कर प्रोत्साहन फिर से शुरू करने की मांग भी की है।

 रियल एस्टेट कंपनियों के शीर्ष निकाय क्रेडाई ने अपनी बजट-पूर्व सिफारिशों में कम लागत वाली आवासीय संपत्तियों की मांग और आपूर्ति को बढ़ावा देने के लिए 90 लाख रुपये तक की कीमत वाले घरों को किफायती आवास श्रेणी में शामिल करने का सुझाव दिया है। फिलहाल 45 लाख रुपये तक की आवासीय इकाइयों को ही किफायती आवास माना जाता है। निर्माणाधीन फ्लैटों पर बिना इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के पांच प्रतिशत माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लगता है। किफायती आवास पर बिना आईटीसी के एक प्रतिशत जीएसटी लागू है। तैयार हो चुकी इकाइयों पर कोई जीएसटी नहीं लिया जाता है। 

कन्फेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (क्रेडाई) ने आम बजट 2027-28 के लिए अपनी सिफारिशें सौंपी हैं। निकाय ने बाजार की मौजूदा वास्तविकताओं के अनुरूप किफायती आवास की परिभाषा में बदलाव की मांग की है। साथ ही उसने कुल नई पेशकश में नए किफायती घरों की आपूर्ति की हिस्सेदारी घटकर लगभग 20 प्रतिशत रह जाने पर चिंता जताई है, जो 2018 में 54 प्रतिशत थी। इस समस्या के समाधान के लिए संगठन ने जीएसटी, आयकर और प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र को ऋण देने के मानदंडों में किफायती आवास की एक समान, क्षेत्रफल-आधारित परिभाषा का प्रस्ताव दिया है।

 इसके तहत अधिसूचित महानगरों में 70 वर्ग मीटर, 10 लाख और उससे अधिक आबादी वाले शहरी केंद्रों में 90 वर्ग मीटर तथा अन्य स्थानों पर 120 वर्ग मीटर की रेरा कारपेट क्षेत्र सीमा की सिफारिश की गई है। किफायती घरों पर कम जीएसटी लगता है, इसलिए मूल्य सीमा में बढ़ोतरी से उपभोक्ता मांग बढ़ेगी। किफायती घरों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए क्रेडाई ने मांग की है कि सरकार एक नई धारा 142ए के जरिये पूर्ववर्ती धारा 80-आईबीए के तहत मिलने वाले प्रोत्साहन को फिर से लागू करे। 

आयकर अधिनियम की पूर्ववर्ती धारा 80-आईबीए के तहत किफायती आवास परियोजनाएं विकसित करने वाले रियल एस्टेट डेवलपर्स को परियोजना से होने वाले मुनाफे पर 100 प्रतिशत कर कटौती का प्रोत्साहन मिलता था। क्रेडाई के अध्यक्ष शेखर पटेल ने कहा, शहरीकरण के साथ भारत की आवास आवश्यकताएं बढ़ रही हैं और किफायती आवास की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। बदलती बाजार वास्तविकताओं के अनुरूप किफायती आवास की मौजूदा परिभाषा की समीक्षा करने की आवश्यकता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़