भाजपा ने कहा भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था

BJP dismisses criticism of Yashwant Sinha
[email protected] । Sep 28 2017 10:57AM

भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा की ओर से देश की अर्थव्यवस्था की हालत की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रही है।

नयी दिल्ली। भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा की ओर से देश की अर्थव्यवस्था की हालत की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रही है और जब नोटबंदी एवं जीएसटी जैसे ‘‘परिवर्तनकारी’’ कदम उठाए जा रहे हैं तो कुछ ‘‘अनिश्चितता’’ होनी तय है। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री सिन्हा की ओर से नोटबंदी और जीएसटी जैसे फैसलों पर मोदी सरकार की आलोचना करने और अगले लोकसभा चुनाव तक अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने की संभावना ‘‘नहीं के बराबर’’ होने की बातें कहने के बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं ने देश के आर्थिक हालात का बचाव किया। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सिन्हा की ओर से मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की तीखी आलोचना किए जाने को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रही है । उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय फलक पर भारत की विश्वसनीयता स्थापित हुई है। अर्थव्यवस्था की हालत पर सिन्हा के बयान से जुड़े एक सवाल के जवाब में राजनाथ ने कहा कि किसी को देश के बारे में इन तथ्यों को नहीं भूलना चाहिए। 

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘पूरी दुनिया स्वीकार करती है कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। किसी को यह तथ्य नहीं भूलना चाहिए। अर्थव्यवस्था के मामले में अंतरराष्ट्रीय फलक पर भारत की विश्वसनीयता स्थापित हुई है।’’ एक अंग्रेजी अखबार में लिखे गए आलेख में सिन्हा ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने ‘‘अर्थव्यवस्था का बेड़ा गर्क कर दिया है।’’ पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार किसी आलोचना से डिगने वाली नहीं है और अर्थव्यवस्था में बदलाव का अपना ‘‘काम जारी रखेगी।’’ गोयल ने सिन्हा की टिप्पणियों को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि उन्हें अपनी राय जाहिर करने का हक है। उन्होंने कहा, ‘‘जब बड़े पैमाने पर बदलाव किए जाते हैं तो कुछ अनिश्चितता होनी तय है। अर्थव्यवस्था को इन बदलावों को ग्रहण करने में वक्त लग सकता, लेकिन यह दौर भी गुजर जाएगा। चुनौतियां आती हैं, लेकिन हम अपनी राह पर कायम रहेंगे। सरकार काले धन और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी आलोचना से यह डिगने वाली नहीं है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए किसी आर्थिक पैकेज पर विचार कर रही है, इस पर उन्होंने कहा कि उस विकल्प को अपनाना अभी जल्दबाजी है और अभी पूरा ध्यान जीएसटी पर है। उन्होंने कहा कि छह अक्तूबर को होने वाली जीएसटी परिषद की बैठक के बाद निर्यात जैसे मुद्दों से जुड़ी कुछ ‘‘अच्छी’’ घोषणाएं की जा सकती हैं। गोयल ने नोटबंदी की आलोचना भी खारिज किया और कहा कि इससे सभी उद्देश्य पूरे हुए और एक संदेश गया कि काला धन और भ्रष्टाचार से निपटने के मामले में सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि सरकार 2018 तक सभी परिवारों को बिजली, 2022 तक सभी परिवारों को घर मुहैया कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कई योजनाओं के नाम गिनाते हुए कहा कि सरकार गरीबों की जीवनशैली में सुधार कर रही है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़