जापान का व्यापार छह साल में पहली बार लाभ में पहुंचा

[email protected] । Jan 25 2017 12:02PM

जापान ने कहा है कि पिछले छह साल में पहली बार 2016 में उसका व्यापार अधिशेष रहा है। विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम घटने और आयात भी कम होने से जापान को व्यापार में लाभ हुआ।

तोक्यो। जापान ने कहा है कि पिछले छह साल में पहली बार 2016 में उसका व्यापार अधिशेष रहा है। विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम घटने और आयात भी कम होने से जापान को व्यापार में लाभ हुआ। वर्ष 2016 में जापान को 4,100 अरब येन यानी 35.8 अरब डालर का व्यापार अधिशेष रहा। इससे पिछले साल उसे 2,800 अरब येन का व्यापार घाटा हुआ था। इस दौरान उसका निर्यात 7.4 प्रतिशत गिरा है जबकि आयात में इससे कहीं अधिक 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

जापान का अमेरिका के साथ व्यापार अधिशेष पांच प्रतिशत कम हुआ है। जापान का व्यापार अधिशेष वर्ष 2011 की भूकंप और सुनामी त्रासदी के बाद घाटे में चला गया था। सुनामी से उसके फुकुशिमा दाई-ल्ची परमाणु संयंत्र को नुकसान पहुंचा और उसके बाद सुरक्षा जांच के लिये देश के रिएक्टर बंद कर दिये गये। अर्थव्यवस्था में आई नरमी की भरपाई के लिये संसाधनों की तंगी झेल रहे जापान ने अपने परंपरागत विद्युत जनरेटरों के लिये तेल, गैस और कोयले का आयात बढ़ाया। हालांकि वर्ष 2016 में पश्चिम एशियाई देशों से जापान का कच्चे तेल का आयात एक साल पहले के मुकाबले करीब एक तिहाई कम रहा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़