RBI: भारत का Forex Reserves बढ़कर 716.91 अरब डॉलर पर पहुंचा, 9.90 अरब डॉलर का इजाफा

भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 9.90 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 716.91 अरब डॉलर दर्ज किया गया। इस अवधि में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 581.85 अरब डॉलर और स्वर्ण भंडार 2.68 अरब डॉलर बढ़कर 111.42 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं विशेष आहरण अधिकार में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 9.90 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह, सात अगस्त को समाप्त सप्ताह में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707.002 अरब डॉलर रहा था।
इस साल 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने से कई सप्ताह तक भंडार में गिरावट आई थी। रुपये पर दबाव बढ़ने के बीच आरबीआई को डॉलर की बिक्री के जरिये विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा था।
इसे भी पढ़ें: S Somanath बने RBI केंद्रीय बोर्ड के अंशकालिक निदेशक, 4 साल का कार्यकाल
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 581.85 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में इन विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है। आरबीआई और सरकार ने पिछले महीने देश में विदेशी मुद्रा प्रवाह बढ़ाने के लिए कई उपाय शुरू किए थे, जिनमें विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा से जुड़े उपाय भी शामिल है।
इसे भी पढ़ें: Inflation पर RBI में खींचतान: Sanjay Malhotra को राहत का भरोसा, पूनम गुप्ता ने दी Rate Hike की चेतावनी
देश को 13 अगस्त तक रियायती मुद्रा अदला-बदली के तहत 56.85 अरब डॉलर प्राप्त हो चुके हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा कि सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.68 अरब डॉलर बढ़कर 111.42 अरब डॉलर हो गया। शीर्ष बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) पांच करोड़ डॉलर घटकर 18.74 अरब डॉलर रह गया।
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार पांच करोड़ डॉलर बढ़कर 4.89 अरब डॉलर रहा।
अन्य न्यूज़














