RBI मौद्रिक समीक्षा से पहले Bond Market सतर्क रहने के आसार: Equirus

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वित्तीय सेवा फर्म इक्विरस के अनुसार मुद्रास्फीति दबाव के कारण केंद्रीय बैंक की आगामी मौद्रिक नीति बैठक से पहले घरेलू बॉन्ड बाजार सतर्क रुख अपना सकता है। फिक्स्ड इनकम प्रमुख विनय पाई ने नीतिगत दर में 25 आधार अंक की बढ़ोतरी की संभावना जताई है। दस वर्षीय मानक सरकारी बॉन्ड का प्रतिफल अल्पकालिक अवधि में 7.18 से 7.42 प्रतिशत के दायरे में रहने का अनुमान है।

भारतीय बॉन्ड बाजार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले सतर्क रह सकता है। मुद्रास्फीति का दबाव बने रहने और मौद्रिक नीति में अधिक सख्ती की आशंका के चलते बॉन्ड प्रतिफल ऊंचे स्तर पर बना रह सकता है। इक्विरस समूह के एक अधिकारी ने यह बात कही।

इक्विरस समूह के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख (फिक्स्ड इनकम) विनय पाई ने कहा कि आरबीआई के सतर्क रुख अपनाने के आसार हैं और नीतिगत दर में 25 आधार अंक की बढ़ोतरी संभावित है। हालांकि, उन्होंने कहा कि बॉन्ड बाजार की दिशा तय करने में केंद्रीय बैंक का अग्रिम नीतिगत संकेत अधिक अहम होगा। पाई के मुताबिक, 10 साल का मानक सरकारी बॉन्ड प्रतिफल निकट अवधि में 7.18 प्रतिशत से 7.42 प्रतिशत के दायरे में रह सकता है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल कच्चे तेल की कीमतों से जुड़े जोखिम अपेक्षाकृत सीमित दिख रहे हैं, लेकिन पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से ऊर्जा कीमतों और वैश्विक बॉन्ड बाजारों में नयी अस्थिरता पैदा हो सकती है। अमेरिका की मौद्रिक नीति से जुड़े घटनाक्रम, वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में उतार-चढ़ाव और आगामी केंद्रीय बजट, विशेष रूप से सरकार की उधारी जरूरतों को लेकर उम्मीदें, घरेलू बॉन्ड बाजार को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक बने रहेंगे। पाई ने कहा कि सकारात्मक पक्ष पर, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) का बढ़ता निवेश, मुद्रा की स्थिरता और घरेलू नकदी की अनुकूल स्थिति बॉन्ड प्रतिफल को कुछ राहत दे सकती है।

उन्होंने कहा, कुल मिलाकर, बॉन्ड बाजार के सीमित दायरे में रहने की संभावना है, हालांकि प्रतिफल में हल्की बढ़त का रुख रह सकता है। निवेशक मुद्रास्फीति, कच्चे तेल की कीमतों, नकदी की स्थिति और आरबीआई के नीतिगत रुख पर करीबी नजर रखेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़