US Trade Deal जल्द फाइनल करे भारत, 17% Tariff से प्रतिस्पर्धियों पर मिलेगी बढ़त: FIEO

भारतीय निर्यातकों ने केंद्र सरकार से अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने का आग्रह किया है। यूएसटीआर की रिपोर्ट के तहत समझौते की स्थिति में भारत पर 17 प्रतिशत शुल्क का प्रस्ताव है, जिससे वियतनाम और बांग्लादेश जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले भारतीय उत्पादों को फायदा मिलेगा।
भारतीय निर्यातकों ने बृहस्पतिवार को अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की मांग करते हुए कहा कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की रिपोर्ट में प्रस्तावित 17 प्रतिशत शुल्क से भारत को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बढ़त मिल सकती है। निर्यातकों ने कहा कि व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने का यह सही समय है, क्योंकि उन्हें अमेरिकी खरीदारों से अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं और बाजार तक पहुंच बढ़ने से निर्यात में और वृद्धि हो सकती है। भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) के अध्यक्ष एस सी रल्हन ने कहा, भारत को जल्द से जल्द व्यापार समझौता करना चाहिए।
हमें अमेरिका से काफी ऑर्डर मिल रहे हैं और बाजार को और खोलने से निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता नहीं होने से भारतीय निर्यातकों को उन देशों के प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले नुकसान हो सकता है, जिन्हें कम शुल्क का लाभ मिलेगा। इससे अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की कीमत प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है और मौजूदा खरीदारों को बनाए रखने के साथ नए ऑर्डर हासिल करना भी मुश्किल हो सकता है।
हालांकि रल्हन ने कहा कि व्यापार समझौता संतुलित एवं पारस्परिक होना चाहिए तथा भारत के दीर्घकालिक आर्थिक एवं विकास हितों की रक्षा करने के साथ भारतीय निर्यातकों को समान अवसर उपलब्ध कराने वाला होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत इन घटनाक्रमों से पैदा हुई अनिश्चितता को लेकर चिंतित है, लेकिन निर्यातकों में इसे लेकर कोई घबराहट नहीं है। अमेरिका ने बुधवार को भारत से आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया था।
हालांकि, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता होने की स्थिति में इसे 17 प्रतिशत तक सीमित रखने का प्रावधान किया गया है। यूएसटीआर का प्रस्ताव है कि समझौता होने की स्थिति में भारत पर 17 प्रतिशत शुल्क ही लगेगा। वहीं बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड के लिए यह दर 18 प्रतिशत तथा वियतनाम और चीन के लिए 20 प्रतिशत होगी।
फियो ने भारत के उत्पादों के लिए प्रतिस्पर्धी शुल्क व्यवस्था सुनिश्चित करने, गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करने और बाजार तक पहुंच बढ़ाने की मांग की। उसने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) पर खास ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि उनके पास शुल्क और अनुपालन लागत में अचानक वृद्धि का बोझ उठाने की सीमित क्षमता होती है। चमड़ा निर्यात परिषद के अध्यक्ष रमेश कुमार जुनेजा ने भी कहा कि प्रस्तावित 17 प्रतिशत शुल्क भारत के लिए बेहतर अवसर है।
उन्होंने कहा कि यह दर बांग्लादेश और वियतनाम जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले भारत को बेहतर स्थिति में रखती है। फरीदा समूह के चेयरमैन रफीक अहमद ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यूएसटीआर की रिपोर्ट का प्रमुख निष्कर्ष यह है कि भारतीय वस्तुओं पर प्रस्तावित शुल्क वियतनाम के मुकाबले कम है।
भारत और अमेरिका फरवरी में तय रूपरेखा के बाद अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। पिछले साल लगाए गए उच्च शुल्कों को अमेरिकी उच्चतम न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से शुरू हुई थी।
अन्य न्यूज़














