जो दुनिया में कोई नहीं कर पाया वो China ने कर दिखाया, अब बिजली से उड़ेंगे हवाई जहाज! Electric Aircraft की उड़ान देखकर दुनिया हैरान

हम आपको बता दें कि चीन के पूर्वी शानदोंग प्रांत के बिनझोउ में 14 नवंबर 2026 को इस विमान ने पहली बार पायलटों और फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर के साथ उड़ान भरी। इस उड़ान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर विमान के भीतर मौजूद थे।
कल्पना कीजिए कि आप किसी विमान में सफर कर रहे हैं, विमान के भीतर 19 यात्री बैठे हैं, विमान आसमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा है, लेकिन उसके भीतर न तो पारंपरिक जेट इंजन की जरूरत है और न ही विमान को उड़ाने के लिए एक बूंद एविएशन फ्यूल जलाया जा रहा है। यह विमान पूरी तरह बिजली से संचालित हो रहा है। अभी तक ऐसी कल्पना भविष्य की तकनीक का हिस्सा लगती थी, लेकिन चीन ने इसे हकीकत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ा दिया है। चीन ने 10 टन वजन वाले अपने इलेक्ट्रिक कमर्शियल विमान CE-25A की पहली सफल मानवयुक्त उड़ान पूरी कर दुनिया के सामने एविएशन इंडस्ट्री के भविष्य की एक नई तस्वीर रख दी है। यह महज एक नए विमान की उड़ान नहीं है, बल्कि उस तकनीकी बदलाव का संकेत है, जो आने वाले वर्षों में दुनिया के हवाई परिवहन, विमान निर्माण उद्योग और ऊर्जा बाजार की पूरी दिशा बदल सकता है।
हम आपको बता दें कि चीन के पूर्वी शानदोंग प्रांत के बिनझोउ में 14 नवंबर 2026 को इस विमान ने पहली बार पायलटों और फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर के साथ उड़ान भरी। इस उड़ान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर विमान के भीतर मौजूद थे। विमान ने 16 मिनट 38 सेकंड तक आसमान में उड़ान भरी और इस दौरान लगभग 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की। चीन की सरकारी विमान निर्माता कंपनी COMAC के मुताबिक विमान के सभी प्रदर्शन मानक अपेक्षाओं के अनुरूप रहे। इस विमान की सबसे खास बात इसका आकार या वजन ही नहीं, बल्कि इसे उड़ाने वाली तकनीक है। लगभग 10 टन के अधिकतम टेकऑफ वजन वाले इस विमान में 19 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इसकी घोषित अधिकतम उड़ान सीमा 400 किलोमीटर, क्रूज स्पीड 300 किलोमीटर प्रति घंटा और निर्धारित क्रूज ऊंचाई 2,400 मीटर है। यानी चीन की योजना ऐसे इलेक्ट्रिक विमान तैयार करने की है, जो शहरों के बीच छोटी और मध्यम दूरी की हवाई यात्राओं में इस्तेमाल किए जा सकें।
इसे भी पढ़ें: भारत जापान की नई रणनीतिक धूरी से बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा
इस विमान को गौर से देखें तो इसकी तकनीक पारंपरिक विमानों से काफी अलग दिखाई देती है। आमतौर पर विमान के पंखों पर बड़े इंजन या प्रोपेलर दिखाई देते हैं, लेकिन CE-25A में दोनों पंखों पर पांच-पांच इलेक्ट्रिक डक्टेड फैन लगाए गए हैं। यानी कुल दस इलेक्ट्रिक फैन इस विमान को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी थ्रस्ट पैदा करते हैं। इन फैन को ऊर्जा बैटरी से मिलती है और इलेक्ट्रिक मोटर के जरिए विमान को उड़ान मिलती है। इसमें पारंपरिक विमान की तरह ईंधन जलाकर इंजन चलाने की व्यवस्था नहीं है। यही वजह है कि इस तकनीक को भविष्य के ग्रीन एविएशन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उड़ान के दौरान इसके प्रोपल्शन सिस्टम से पारंपरिक जेट इंजन की तरह दहन से निकलने वाला धुआं और कार्बन उत्सर्जन नहीं होता। हालांकि पूरी तकनीक का पर्यावरणीय प्रभाव इस बात पर भी निर्भर करेगा कि बैटरी बनाने और विमान को चार्ज करने के लिए बिजली किस स्रोत से प्राप्त होती है।
साथ ही इस परियोजना की एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि चीन ने इसे केवल विमान निर्माण कंपनी के भरोसे नहीं छोड़ा है। दुनिया की प्रमुख बैटरी निर्माता कंपनियों में शामिल CATL, विमान निर्माता COMAC और शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थाएं इसके विकास में शामिल हैं। इसका मतलब है कि चीन विमानन उद्योग और बैटरी टेक्नोलॉजी को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ रहा है। इलेक्ट्रिक कारों के क्षेत्र में जिस तरह चीन ने बैटरी निर्माण, इलेक्ट्रिक मोटर और सप्लाई चेन पर अपनी मजबूत पकड़ बनाई है, अब उसी औद्योगिक क्षमता को आसमान तक ले जाने की कोशिश दिखाई दे रही है।
लेकिन इस विमान की असली कहानी केवल इसकी पहली उड़ान तक सीमित नहीं है। इसके पीछे चीन की वह बड़ी महत्वाकांक्षा दिखाई देती है, जिसमें भविष्य के परिवहन को पेट्रोलियम और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। इलेक्ट्रिक कारों के बाद अब इलेक्ट्रिक विमानन के क्षेत्र में प्रवेश चीन के लिए एक नया औद्योगिक मोर्चा खोल सकता है। आने वाले समय में यदि बैटरी की ऊर्जा क्षमता बढ़ती है, वजन कम होता है और चार्जिंग का समय घटता है तो छोटे विमानों की दुनिया में बड़ा बदलाव संभव है। आज जिन शहरों के बीच हवाई संपर्क सीमित है या जहां बड़े विमानों का संचालन आर्थिक रूप से मुश्किल पड़ता है, वहां इलेक्ट्रिक कमर्शियल विमान एक नया विकल्प बन सकते हैं। छोटे शहरों को बड़े व्यावसायिक केंद्रों से जोड़ने वाले क्षेत्रीय हवाई मार्गों का विस्तार हो सकता है। पर्यटन, व्यापार, मेडिकल इमरजेंसी और क्षेत्रीय परिवहन के लिए भी इसका इस्तेमाल नए अवसर पैदा कर सकता है।
साथ ही इस तकनीक का असर सिर्फ यात्रियों की सुविधा तक नहीं रहेगा। दुनिया की विमान निर्माता कंपनियों के सामने भी एक नई प्रतिस्पर्धा खड़ी हो सकती है। आज वैश्विक विमानन बाजार में बोइंग और एयरबस जैसी कंपनियों का दबदबा है, जबकि क्षेत्रीय विमानों के बाजार में भी स्थापित कंपनियों की मजबूत मौजूदगी है। इलेक्ट्रिक विमान के क्षेत्र में चीन की यह पहल भविष्य में उसे एक नए बाजार में जगह बनाने का अवसर दे सकती है। यदि चीन अपनी बैटरी तकनीक, उत्पादन क्षमता और विमान निर्माण के अनुभव को एक साथ इस्तेमाल करने में सफल रहा तो वह इलेक्ट्रिक विमानन के लिए एक संपूर्ण औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार कर सकता है। इसका प्रभाव यूरोप, अमेरिका और एशिया की उन कंपनियों पर भी पड़ेगा, जो पहले से इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड विमानों पर काम कर रही हैं। अब उनके लिए इस दौड़ में तकनीकी प्रगति के साथ-साथ लागत और उत्पादन क्षमता भी महत्वपूर्ण हो जाएगी।
देखा जाये तो आने वाले समय में विमानन की दुनिया में सिर्फ बैटरी से चलने वाले विमान ही नहीं, बल्कि हाइब्रिड इलेक्ट्रिक विमान, अत्याधुनिक बैटरी सिस्टम, स्मार्ट एयरपोर्ट चार्जिंग नेटवर्क और कम दूरी की स्वचालित हवाई सेवाओं का विस्तार भी देखने को मिल सकता है। यानी जिस तरह इलेक्ट्रिक वाहनों ने सड़क परिवहन की परिभाषा बदलनी शुरू की है, उसी तरह इलेक्ट्रिक एविएशन हवाई परिवहन की नई परिभाषा तैयार कर सकता है। चीन की CE-25A परियोजना इसी संभावित बदलाव की शुरुआती तस्वीर पेश करती है।
हालांकि अभी इस विमान की पहली मानवयुक्त उड़ान हुई है, व्यावसायिक उड़ान शुरू नहीं हुई है। चीन के नागरिक उड्डयन नियामक ने इसके टाइप सर्टिफिकेशन आवेदन को स्वीकार किया है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि विमान को व्यावसायिक संचालन की मंजूरी मिल गई है। इसके लिए सुरक्षा, बैटरी क्षमता, उड़ान की वास्तविक सीमा, यात्रियों के साथ प्रदर्शन और अलग-अलग परिस्थितियों में परीक्षण जैसे कई चरण पूरे करने होंगे। अभी तक 400 किलोमीटर की घोषित रेंज के मुकाबले पहली मानवयुक्त उड़ान में विमान ने 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की है। इसलिए इसकी वास्तविक व्यावसायिक क्षमता का आकलन आगे के परीक्षणों के बाद ही हो सकेगा।
बहरहाल, चीन ने इस पहली उड़ान के साथ दुनिया के सामने एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। अब तक विमानन उद्योग का भविष्य अधिक शक्तिशाली जेट इंजन, कम ईंधन खपत और बेहतर एयरोडायनामिक डिजाइन के इर्द-गिर्द घूमता रहा है। अब उसी उद्योग में बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर एक नए विकल्प के रूप में सामने आ रहे हैं। जिस चीन ने इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में अपनी ताकत दिखाई, वह अब विमानन के क्षेत्र में भी अपनी तकनीकी क्षमता का विस्तार कर रहा है। CE-25A की उड़ान भले ही अभी 16 मिनट 38 सेकंड की रही हो, लेकिन इसके साथ शुरू हुई प्रतिस्पर्धा आने वाले दशकों में दुनिया के आसमान की तस्वीर बदल सकती है। सवाल अब सिर्फ यह नहीं है कि विमान बिजली से उड़ सकता है या नहीं, बल्कि यह है कि आने वाले समय में कितनी दूर तक, कितने यात्रियों को और कितनी कम लागत में बिजली से उड़ाया जा सकेगा। और इसी सवाल का जवाब तय करेगा कि भविष्य की एविएशन इंडस्ट्री में चीन कितनी बड़ी भूमिका निभाने वाला है।
-नीरज कुमार दुबे
अन्य न्यूज़













