Export पर संकट से गिरे प्याज के दाम, Modi सरकार का बड़ा कदम, NAFED खरीदेगा पूरा स्टॉक

Shivraj Singh Chouhan
ANI

केंद्र सरकार ने प्याज की गिरती कीमतों के बीच किसानों से 1,235 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्याज खरीदने की घोषणा की है, जिसका कारण पश्चिम एशिया संकट से प्रभावित निर्यात को बताया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नाफेड किसानों का पूरा स्टॉक खरीदेगा ताकि उन्हें राहत मिल सके।

केंद्र सरकार किसानों से 12.35 रुपये प्रति किलोग्राम यानी 1,235 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्याज खरीदेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को प्याज की कीमतों में जारी गिरावट के बीच यह घोषणा की है उन्होंने यह घोषणा महाराष्ट्र के सतारा में एक कार्यक्रम में की। महाराष्ट्र प्याज का एक प्रमुख उत्पादक राज्य है और इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। चौहान ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण प्याज के निर्यात पर असर पड़ा है। यह संकट 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमलों के कारण शुरू हुआ था।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्याज की कीमतों में आए संकट के बारे में फडणवीस से चर्चा की है। उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि पश्चिम एशिया संकट के कारण प्याज का निर्यात प्रभावित हुआ है, इसलिए प्याज की कीमतें गिर गई हैं। मैं यह घोषणा करना चाहूंगा कि आज (शुक्रवार) से ताजे प्याज की खरीद दर 12.35 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। हम किसानों का पूरा स्टॉक खरीदेंगे और प्याज उपजाने वालों को सहायता देंगे।’’ उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नाफेड) को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बाद में इसी कार्यक्रम में फडणवीस ने भी प्याज की खरीद दर को लेकर चौहान की घोषणा को दोहराया। हालांकि, केंद्र और राज्य सरकार की इस घोषणा से महाराष्ट्र के प्याज उत्पादकों के चेहरों पर खुशी नहीं आई।

महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक संघ (एमएसओजीए) ने कहा कि 1,235 रुपये प्रति क्विंटल की खरीद दर पर्याप्त नहीं है। यह दर तो उत्पादन लागत को भी पूरा नहीं करती और उन्होंने 3,000 रुपये प्रति क्विंटल की समर्थन मूल्य की मांग की। उन्होंने उन किसानों के लिए मुआवजे की भी मांग की, जिन्होंने हाल के महीनों में बहुत कम कीमतों पर अपना प्याज बेचा है। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़