Viswhakhabram: दुश्मनी के साथ-साथ भारत से कमाई भी करना चाहता है पाकिस्तान, Netflix Pakistani Drama Jo Bachay Hain Sang Samait Lo पर हो रहे विवाद का सच जानकर हैरान रह जाएंगे

Netflix की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज Jo Bachay Hain Sang Samait Lo ने रिलीज से पहले ही भारत में एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। भारत सरकार ने Netflix को पाकिस्तान में निर्मित सामग्री भारत में प्रसारित नहीं करने की हिदायत दी है।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कोई नई बात नहीं है, लेकिन पाकिस्तान की एक दिलचस्प कोशिश हमेशा जारी रहती है। एक तरफ वह भारत के खिलाफ बयानबाजी करता है और दूसरी तरफ भारत के बाजार और लोकप्रियता का फायदा उठाना चाहता है। अब यही कोशिश मनोरंजन की दुनिया में दिखाई दे रही है। पाकिस्तान अपने ड्रामों और फिल्मों को अपनी सॉफ्ट पावर बताकर दुनिया के सामने पेश कर रहा है, जबकि उसके मनोरंजन उद्योग पर भारतीय कंटेंट की नकल और कॉपीराइट उल्लंघन के आरोप भी लगते रहे हैं। उसे अच्छी तरह पता है कि भारत का नाम जुड़ते ही उसकी फिल्मों और वेब सीरीज को चर्चा मिल सकती है और इसी चर्चा से कमाई के रास्ते खुल सकते हैं।
अब फवाद खान और माहिरा खान की नई सीरीज के बहाने एक बार फिर यही कोशिश होती दिखाई दे रही है। पाकिस्तान को उम्मीद है कि भारत में होने वाला विरोध भी उसकी सीरीज को प्रचार दिलाएगा। लेकिन वह शायद यह भूल रहा है कि भारत के लिए आतंकवाद का मुद्दा किसी मनोरंजन या कारोबार से बड़ा है। जब तक पाकिस्तान की धरती से आतंकवाद को संरक्षण मिलने का सवाल बना रहेगा, तब तक भारतीय बाजार में जगह बनाने की उसकी कोशिशों को आसानी से स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: Pakistan Border के पास India ने की Blackout Drill, रात को सायरनों की आवाज गूंजते ही काँप उठी मुनीर सेना
हम आपको बता दें कि Netflix की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज Jo Bachay Hain Sang Samait Lo ने रिलीज से पहले ही भारत में एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। भारत सरकार ने Netflix को पाकिस्तान में निर्मित सामग्री भारत में प्रसारित नहीं करने की हिदायत दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मई 2025 में जारी अपनी एडवाइजरी का हवाला देते हुए प्लेटफॉर्म को उसका पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। यानी पाकिस्तान की इस महत्वाकांक्षी मनोरंजन परियोजना के लिए भारतीय बाजार का दरवाजा फिलहाल बंद दिखाई दे रहा है।
इस कहानी का दूसरा पहलू और भी दिलचस्प है। जिस समय फवाद खान और माहिरा खान की नई सीरीज को लेकर विवाद चल रहा है, उसी समय पाकिस्तान का एक दूसरा ड्रामा Dar-e-Nijaat भारत में दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में पाकिस्तानी धारावाहिकों के प्रशंसकों की मौजूदगी अब केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रह गई है। लोग निजी स्तर पर वॉच पार्टी आयोजित कर रहे हैं, एक साथ एपिसोड देख रहे हैं और अपने पसंदीदा किरदारों पर चर्चा कर रहे हैं।
दिल्ली में आयोजित एक ऐसी ही वॉच पार्टी में करीब 50 महिलाओं के शामिल होने की खबर सामने आई। मुंबई में भी पाकिस्तानी ड्रामों के प्रशंसकों ने इसी तरह का आयोजन किया। यानी पाकिस्तान की मनोरंजन सामग्री के लिए भारत में एक ऐसा दर्शक वर्ग मौजूद है, जो राजनीतिक तनाव के बावजूद इन कार्यक्रमों को देखना चाहता है। देखा जाये तो पाकिस्तान की फिल्म इंडस्ट्री भले ही भारतीय सिनेमा के व्यावसायिक दबदबे के सामने बहुत छोटी हो, लेकिन उसके टेलीविजन धारावाहिकों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। Humsafar, Zindagi Gulzar Hai और Bin Roye जैसे कार्यक्रमों के जरिए फवाद खान, माहिरा खान और सनम सईद भारतीय दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं।
फवाद खान ने बॉलीवुड में भी अपनी जगह बनाई थी। Khoobsurat, Kapoor & Sons और Ae Dil Hai Mushkil जैसी फिल्मों में उनके काम को सराहना मिली थी। माहिरा खान ने तो शाहरुख खान के साथ Raees में काम किया था। लेकिन उरी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्खी ने मनोरंजन उद्योग के इन रिश्तों को भी प्रभावित किया। 2019 के पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ भारतीय फिल्म उद्योग में विरोध और तेज हुआ। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से जुड़े मनोरंजन कंटेंट पर भी सख्ती बढ़ा दी। फवाद खान की फिल्म Aabeer Gulaal और हानिया आमिर की फिल्म Sardaar Ji 3 को लेकर भी इसी दौर में विवाद सामने आया।
अब जरा चार दिसंबर 2026 को वैश्विक स्तर पर रिलीज होने जा रही Netflix की इस नई सीरीज के महत्व को समझिए। Jo Bachay Hain Sang Samait Lo केवल एक रोमांटिक ड्रामा नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के मनोरंजन उद्योग के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान मजबूत करने की बड़ी परियोजना है। फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास पर आधारित इस सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों को एक साथ पिरोया गया है। फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर और इकरा अजीज जैसे चर्चित कलाकार इसमें दिखाई देंगे। इसकी शूटिंग पाकिस्तान के अलावा इटली और ब्रिटेन में भी हुई है। Netflix ने इसका अंतरराष्ट्रीय नाम All The Love Our Hearts Carry रखा है और पहला हिस्सा चार दिसंबर को रिलीज करने की घोषणा की है। दूसरा हिस्सा 2027 की शुरुआत में आने वाला है।
पाकिस्तान के लिए यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि Netflix पर अपनी पहली ओरिजिनल पाकिस्तानी सीरीज के जरिए वह दुनिया भर के दर्शकों के सामने अपने मनोरंजन उद्योग की क्षमता प्रदर्शित करना चाहता है। पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय दर्शक, वैश्विक स्ट्रीमिंग नेटवर्क और अपने कलाकारों की लोकप्रियता को एक बड़े बाजार में बदलना चाहता है।
इस बीच, पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने भारतीय फिल्म संगठनों की प्रतिबंध की मांग पर सवाल उठाते हुए कला, संस्कृति और खेल को राजनीतिक विवादों से अलग रखने की बात कही है। यह प्रतिक्रिया बताती है कि पाकिस्तान इस विवाद को केवल मनोरंजन का मामला नहीं रहने देना चाहता, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय विमर्श में भी इस्तेमाल कर रहा है।
वहीं भारत की तरफ से संदेश बिल्कुल स्पष्ट है। मई 2025 की एडवाइजरी के बाद अब नवंबर 2026 में मंत्रालय ने Netflix को दोबारा याद दिलाया है कि पाकिस्तान में निर्मित सामग्री भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं होनी चाहिए। इस मामले में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज के भारत में प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।
साथ ही इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक दिलचस्प सवाल यह भी है कि जब भारत में आधिकारिक रूप से पाकिस्तानी कंटेंट के प्रसारण पर रोक की नीति लागू है, तब पाकिस्तानी धारावाहिकों के लिए भारतीय दर्शकों का आकर्षण किस तरह बना हुआ है? सोशल मीडिया, वीडियो क्लिप और ऑनलाइन चर्चाओं ने राष्ट्रीय सीमाओं से परे मनोरंजन की एक समानांतर दुनिया बना दी है। यही वजह है कि प्रतिबंधों के बावजूद पाकिस्तानी कलाकारों और धारावाहिकों की चर्चा भारतीय डिजिटल स्पेस में दिखाई देती है। साथ ही बेंगलुरु में पाकिस्तानी धारावाहिक Dar-e-Nijaat की प्रस्तावित निजी स्क्रीनिंग भी विवाद और विरोध के बाद रद्द करनी पड़ी। इससे साफ है कि यह मामला केवल OTT प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रहा, बल्कि निजी आयोजनों और सोशल मीडिया तक पहुंच चुका है।
देखा जाये तो सबसे बड़ा पेंच पाकिस्तान की उस कथित सांस्कृतिक सॉफ्ट पावर में है, जिसका वह लगातार ढोल पीटता है। सवाल यह है कि आखिर इस सॉफ्ट पावर की बुनियाद कितनी मौलिक है? पाकिस्तानी मनोरंजन उद्योग पर भारतीय फिल्मों, संगीत, कहानियों और रचनात्मक सामग्री की नकल तथा कॉपीराइट उल्लंघन के आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। ऐसे में भारत के बाजार और भारतीय दर्शकों की लोकप्रियता के सहारे अपनी फिल्मों और वेब सीरीज को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की कोशिश को सांस्कृतिक कूटनीति का नाम देना अपने आप में दिलचस्प है। पाकिस्तान जानता है कि भारत का नाम जुड़ते ही उसकी किसी फिल्म या वेब सीरीज को सुर्खियां मिल सकती हैं, विवाद खड़ा हो सकता है और उसी विवाद के जरिए उसे दर्शक तथा व्यावसायिक लाभ मिल सकता है। इसलिए भारत का विरोध भी उसके लिए प्रचार का एक जरिया बन जाता है। लेकिन पाकिस्तान को यह समझना होगा कि भारत के लिए आतंकवाद कोई सामान्य राजनीतिक असहमति नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का गंभीर प्रश्न है। जब तक पाकिस्तान की जमीन से आतंकवाद को संरक्षण मिलने और भारत के खिलाफ उसका इस्तेमाल होने के सवाल कायम हैं, तब तक मनोरंजन, कला और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नाम पर किसी तरह की रियायत की अपेक्षा बेमानी है।
देखा जाये तो फवाद खान और माहिरा खान भले पर्दे पर मोहब्बत की कहानी लेकर लौट रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान इस कहानी के बहाने भारत के बाजार, दर्शकों और लोकप्रियता तक पहुंच बनाने की कोशिश में है। उसकी दिलचस्पी केवल दर्शकों का मनोरंजन करने में नहीं, बल्कि भारतीय बाजार से मिलने वाली व्यावसायिक और प्रचारात्मक पूंजी में है। भारत में प्रतिबंध की चर्चा को वह अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में बदलना चाहता है, ताकि उसकी सीरीज की चर्चा उन देशों में भी हो जहां शायद सामान्य परिस्थितियों में उसे इतनी तवज्जो नहीं मिलती।
बहरहाल, चार दिसंबर को दुनिया के कई देशों में यह सीरीज रिलीज होगी, लेकिन भारत में इसकी उपलब्धता पर अनिश्चितता बनी हुई है। पाकिस्तान इसे अपनी सांस्कृतिक पहुंच का विस्तार बताकर पेश कर सकता है, लेकिन भारतीय बाजार तक पहुंच अपने आप में कोई अधिकार नहीं है। जब तक आतंकवाद को प्रश्रय देने के सवाल पर पाकिस्तान की भूमिका विवादों के घेरे में है, तब तक उसकी मनोरंजन परियोजनाओं के लिए भारत के दरवाजे खुलने की उम्मीद करना मुश्किल है। फवाद और माहिरा की यह प्रेम कहानी पर्दे पर चाहे जितनी लोकप्रिय हो, भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में आतंकवाद का अध्याय किसी वेब सीरीज के प्रचार से ढका नहीं जा सकता।
-नीरज कुमार दुबे
अन्य न्यूज़














