BRICS बैठक में मंत्री Raksha Khadse: देश में 2 लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स, छोटे शहरों तक बढ़ी पहुंच

Raksha Khadse
Instagram @raksha.khadse

केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने इंदौर में ब्रिक्स बैठक के दौरान बताया कि देश में स्टार्टअप की संख्या दो लाख के पार पहुंच गई है और इनका विस्तार अब छोटे शहरों में भी हो रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को जाता है। यह बैठक भारत के सफल स्टार्टअप मॉडल और नवाचार के अनुभवों को सदस्य देशों के साथ साझा करने पर केंद्रित है।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे ने बुधवार को कहा कि देश में स्टार्टअप की संख्या दो लाख के आंकड़े को पार कर गई है और इन नव उद्यमों का विस्तार छोटे शहरों में भी हो रहा है। खडसे ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में इंदौर में शुरू हुई ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्यसमूह की बैठक के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की। यह बैठक ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ विषय पर केंद्रित है। केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन सत्र के बाद संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में पिछले 10 साल के दौरान देश में स्टार्टअप और नवोन्मेषण वाले उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा,‘‘भारत में फिलहाल दो लाख से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं और इनकी पहुंच बड़े शहरों के साथ ही छोटे शहरों तक भी बढ़ी है।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ब्रिक्स की पिछली बैठक में यह विषय सामने आया था कि भारत में स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और अनुभवों को सदस्य देशों के साथ साझा किया जाए ताकि उन्हें सर्वोत्तम व्यवहार को समझने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि बैठक में ब्रिक्स के लगभग सभी देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया के संघर्ष के कारण कुछ प्रतिनिधि व्यक्तिगत रूप से नहीं पहुंच सके, लेकिन वे वर्चुअल माध्यम के जरिये बैठक से जुड़ रहे हैं।

बैठक में मध्यप्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल भी मौजूद थीं। अधिकारियों ने बताया कि दो दिन तक चलने वाली इस बैठक में डिजिटल नवाचार, समावेशन और सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही, सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को अपने अनुभव साझा करने और साझेदारी की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़