Karthigai Deepam विवाद: Supreme Court में ASI बोली, पुलिस ने रोकी टीम

Karthigai Deepam विवाद: Supreme Court में ASI बोली, पुलिस ने रोकी टीम
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने उच्चतम न्यायालय में आरोप लगाया कि तमिलनाडु पुलिस ने उसके अधिकारियों को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जाने से रोक दिया। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ के समक्ष इसे अदालत की घोर अवमानना और प्रशासनिक अहंकार करार दिया। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल केवल 20 नवंबर के अदालती आदेश के अनुपालन न होने के मुद्दे पर ही विचार कर रही है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय से कहा कि तमिलनाडु पुलिस ने उसके अधिकारियों को रोक दिया था और उन्हें तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित दीपथून स्तंभ पर अनुष्ठानिक दीप के पास जाने की अनुमति नहीं दी थी। एएसआई की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ को बताया कि मंदिर के न्यासियों ने एएसआई को सूचित किया था कि उसके अधिकारियों के प्रवेश के संबंध में उन्हें उच्चाधिकारियों से कोई निर्देश नहीं मिला था। मेहता ने कहा, ‘‘स्थानीय पुलिस ने अपराह्न तीन बजे एएसआई के दल को एक स्थान पर रोक दिया और उसे दीप के पास जाने की अनुमति नहीं दी।’’ सॉलिसिटर जनरल ने कहा, ‘‘मेरी विनम्रतापूर्वक दलील है कि यह अदालत की घोर अवमानना और प्रशासनिक अहंकार का मामला है।

सरकार शुरू से ही इसका विरोध करती रही है।’’ मेहता ने दलील दी कि अवमानना के आरोपियों की दलीलें सुनने से पहले दीपथून पर दीप प्रज्ज्वलित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘एएसआई की ओर से मेरा अनुरोध है कि चूंकि यह स्वीकार किया जा चुका है कि आदेश का अनुपालन नहीं हुआ है, इसलिए अवमानना के आरोपियों की दलीलें सुनने से पहले दीप प्रज्ज्वलित कराकर अवमानना से बचना चाहिए।’’ मेहता ने कहा, ‘‘पुलिस ने जिस तरह से काम किया, उसके बाद कुछ कहने को नहीं रह जाता। ऐसे वीडियो उपलब्ध हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि पूरे परिसर में पुलिसकर्मी तैनात थे।

मेरा अनुरोध है कि किसी अन्य एजेंसी द्वारा इसकी निगरानी सुनिश्चित की जाए।’’ सुनवाई शुरू होते ही शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि वह मूल मामले पर विचार नहीं करेगी और अपनी सुनवाई केवल 20 नवंबर के उस आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने के मुद्दे तक सीमित रखेगी, जिसमें 24 नवंबर को एक बार के लिए दीपथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित करने की अनुमति दी गई थी। अदालत विवादित दीपथून स्तंभ पर अनुष्ठानिक दीप प्रज्ज्वलित नहीं किए जाने से जुड़े विवाद में अवमानना याचिकाओं और अन्य आवेदनों पर सुनवाई कर रही थी। अवमानना याचिकाकर्ता कार्तिकेयन की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता एस. गुरु कृष्ण कुमार ने दलील दी कि तमिलनाडु सरकार ने शुरू से ही तय कर लिया था कि वह दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति नहीं देगी और उसकी ओर से पेश प्रारंभिक रिपोर्ट एक तरह की स्वीकारोक्ति है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिलाधिकारी को इस संबंध में एएसआई से भी परामर्श करना था। इस जिम्मेदारी के निर्वाह में पूरी तरह विफलता रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट एक तरह की स्वीकारोक्ति है।

उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करने के अलावा सब कुछ किया। दीप नहीं जलाए जाने का एकमात्र कारण न्यासी मंडल द्वारा अनुमति नहीं दिया जाना है। न्यासी मंडल ने कभी इस मामले को चुनौती नहीं दी।

वह अदालत के आदेश का पालन करने के लिए बाध्य है।’’ मामले की सुनवाई जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़