SIAM के अनुसार अगस्त में Passenger Vehicles की थोक बिक्री 36.5 प्रतिशत बढ़ी

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स ने बताया कि अगस्त में घरेलू स्तर पर 4,39,309 यात्री वाहनों की थोक बिक्री हुई। इस दौरान दोपहिया वाहनों की बिक्री में 10.5 प्रतिशत और तिपहिया वाहनों में 22.8 प्रतिशत का इजाफा देखा गया। उद्योग निकाय के मुताबिक मजबूत ग्रामीण मांग और बेहतर फाइनेंसिंग से भारतीय ऑटो सेक्टर तेज वृद्धि दर्ज कर रहा है।
घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर 36.5 प्रतिशत बढ़कर 4,39,309 इकाई हो गई। उद्योग निकाय सियाम ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अगस्त 2025 में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 3,21,901 इकाई रही थी।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बयान में कहा कि कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने 10.5 प्रतिशत बढ़कर 20,34,698 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल अगस्त में यह 18,41,954 इकाई थी। वहीं तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने 22.8 प्रतिशत बढ़कर 93,764 इकाई हो गई जबकि अगस्त 2025 में यह 76,324 इकाई थी। सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ‘‘यात्री वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों के खंड में अगस्त 2026 की अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है।
अगस्त 2026 में यात्री वाहनों की बिक्री 4.39 लाख इकाई रही जिसमें 36.5 प्रतिशत की दोहरे अंक की वृद्धि हुई। तिपहिया वाहनों की बिक्री 0.94 लाख इकाई रही जिसमें 22.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं दोपहिया वाहनों की बिक्री 20.35 लाख इकाई रही जो पिछले साल अगस्त 2025 की इसी अवधि की तुलना में 10.5 प्रतिशत अधिक है।’’ मेनन ने कहा, ‘‘भारत का वाहन उद्योग मजबूत वृद्धि के दौर से गुजर रहा है।’’ उन्होंने कहा कि अगस्त में वृद्धि को पिछले वर्ष के निचले आधार से भी समर्थन मिला है।
मेनन ने कहा, ‘‘व्यापक मांग का माहौल मूल रूप से मजबूत बना हुआ है। उपभोक्ताओं का मजबूत भरोसा, ग्रामीण बाजारों में मजबूती, बेहतर वित्तपोषण और वैकल्पिक ‘ड्राइवट्रेन’ को तेजी से अपनाया जाना...वाहनों की विभिन्न श्रेणियों के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘त्योहारों से जुड़ी मांग से भी अतिरिक्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है जिससे दूसरी तिमाही के आंकड़े मजबूत रहेंगे।
अन्य न्यूज़













