Gujarat ATS ने 438 करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले में तस्कर Salim Dola को पकड़ा

Gujarat ATS ने 438 करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले में तस्कर Salim Dola को पकड़ा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते ने वडोदरा में 438.64 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन जब्ती मामले में वांछित अंतरराष्ट्रीय तस्कर सलीम इस्माइल डोला को हिरासत में लिया है। जांच अधिकारियों के मुताबिक आरोपी मादक पदार्थ बनाने के लिए रसायनों की व्यवस्था करता था और तैयार माल को कंटेनरों में छिपाकर विदेशों में भेजता था। इस मामले में एनडीपीएस कानून के तहत अब तक कुल दस लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

अहमदाबाद, तीन नवंबर गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने तुर्किये से प्रत्यर्पित कर लाए गए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार किया। डोला को इस साल की शुरुआत में भारत लाया गया था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

डोला की गिरफ्तारी 2022 में वडोदरा की एक फैक्टरी से 438.64 करोड़ रुपये मूल्य का मेफेड्रोन जब्त किए जाने के मामले में हुई। अधिकारियों के अनुसार, डोला मादक पदार्थ बनाने में कथित तौर पर इस्तेमाल होने वाले रसायनों की आपूर्ति करता था और बाद में तैयार मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री भी करता था। उन्होंने बताया कि डोला के गिरोह के सदस्य मादक पदार्थों को कानूनी रूप से निर्यात किए जाने वाले सामान से भरे कंटेनरों में छिपाकर विदेश भेजते थे और इस कारोबार को अंजाम देने के लिए गंतव्य देशों में फर्जी कंपनियां भी बनाई गई थीं।

इस साल अप्रैल में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) सलीम डोला को तुर्किये से भारत वापस लाया था। डोला को मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था। दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाने वाला डोला भारत में मादक पदार्थों की तस्करी का आरोपी है और उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का भी आरोप है।

एटीएस के सहायक पुलिस आयुक्त एसएल चौधरी ने बताया कि गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने 31 अक्टूबर को डोला को हिरासत में लिया था। एटीएस ने एक दिसंबर 2022 को वडोदरा जिले के सिंधरोत गांव के पास मादक पदार्थ बनाने वाली एक इकाई पर छापा मारा था और वहां से 87.728 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 438.64 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

इस मामले में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़