भारत-ब्रिटेन FTA के तहत 1 अरब पाउंड के नए सौदे, ब्रिटिश डेलिगेशन पहुंचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ब्रिटेन सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक साझेदारी को बढ़ाने के लिए एक अरब पाउंड के नए सौदे हुए हैं। ब्रिटेन के तीन मंत्रियों, उत्तरी इंग्लैंड के सात मेयरों और 100 से अधिक कारोबारियों का एक उच्चस्तरीय दल भारत दौरे पर आया है। यह यात्रा 15 जुलाई को व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता लागू होने के लगभग तीन महीने बाद हुई है।

(अदिति खन्ना) लंदन, 12 अक्टूबर ब्रिटेन का एक प्रतिनिधिमंडल द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से मिलने वाले लाभ को अधिकतम करने के लिए भारत पहुंचा है। ब्रिटेन सरकार ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इसके साथ ही दोनों देशों के बीच एक अरब पाउंड के नए सौदे हुए हैं। उत्तरी इंग्लैंड के सात मेयर के साथ ही ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स, स्कॉटलैंड मामलों के मंत्री डगलस अलेक्जेंडर और पर्यावरण, खाद्य एवं ग्रामीण मामलों की मंत्री एंजेला ईगल के साथ विभिन्न क्षेत्रों के 100 से अधिक व्यवसायी भारत आए हैं।

यह प्रतिनिधिमंडल 15 जुलाई को भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) लागू होने के लगभग तीन महीने बाद आया है। यात्रा से पहले दिए एक बयान में रेनॉल्ड्स ने कहा, भारत के साथ हमारे व्यापार समझौते ने नए दरवाजे खोल दिए हैं, और अब हमारे उत्तरी मेयर के नेतृत्व में क्षेत्रीय व्यवसाय नौकरियां, निवेश और वृद्धि लाने के लिए साझेदारियां बनाकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, उन्नत विनिर्माण से लेकर शिक्षा तक, हम दोनों देशों में व्यवसायों और उपभोक्ताओं के लिए अवसर बढ़ाने को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के साथ संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं।

इस यात्रा के अवसर पर घोषित सौदों में ब्रिटेन में कृत्रिम मेधा (एआई) अनुसंधान के मेटा फॉर डेटा टेक्नोलॉजीज (एमएफडी) की ओर से पांच करोड़ पाउंड का निवेश,तथा ब्रिटेन की अग्रणी विमानन सेवा कंपनी मेंजियस एविएशन द्वारा भारत में अपने विस्तार के साथ 60 करोड़ पाउंड से अधिक राजस्व हासिल करने का लक्ष्य शामिल है। ब्रिटेन के व्यापार विभाग ने कहा कि पिछले साल जुलाई में सीईटीए पर हस्ताक्षर के बाद से अबतक लगभग 12 अरब पाउंड मूल्य के सौदों की घोषणा की जा चुकी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़