मैजिशियन बनें और खेल ही खेल में खूब कमाएँ

मिताली जैन । Dec 7 2016 9:47AM

जादूगर का मुख्य काम न सिर्फ अपने सभी दर्शकों का मनोरंजन करना होता है, बल्कि उसे इस बात का भी ख्याल रखना होता है कि उसके द्वारा दिखाई जाने वाली ट्रिक किसी की समझ में न आए।

आपने कभी भी किसी मेले, फंक्शन या शो के दौरान जादूगर को परफॉर्म करते हुए देखा है। उनकी मैजिक ट्रिक्स सभी को आकर्षित व अंचभित करती हैं। आपके मन में भी आया होगा कि काश आप भी यह ट्रिक कर पाते। कोई भी मैजिशियन जितनी सफाई से अपना काम करता है, उसके काम को उतनी ही अधिक तारीफ मिलती है। अगर आप भी इन ट्रिक्स को जानकर सबके दिलों पर राज करना चाहते हैं तो बेहतर होगा कि आप बतौर मैजिशियन अपना भविष्य संवारें। लीक से हटकर यह कॅरियर बेहद रोमांचक है।

कार्यक्षेत्र 

एक जादूगर का कार्यक्षेत्र काफी रोमांचक होता है। उसका सारा काम उसके हाथ की सफाई पर निर्भर करता है। दरअसल, एक जादूगर निजी पार्टियों, समारोह व स्टेज शो के दौरान अपने हुनर का प्रयोग करते हुए एक भ्रम उत्पन्न करते हैं, जिससे लोगों को चीज सामने होते हुए भी उसके गायब होने का अहसास होता है। उसका मुख्य काम न सिर्फ अपने सभी दर्शकों का मनोरंजन करना होता है, बल्कि उसे इस बात का भी ख्याल रखना होता है कि उसके द्वारा दिखाई जाने वाली ट्रिक किसी की समझ में न आए। अगर वह ऐसा करने में कामियाब हो जाता है, तभी उसे सफलता व लोगों की प्रंशसा प्राप्त होती है। साथ ही एक जादूगर का अपने काम में निपुण होना बेहद आवश्यक है। यदि मैजिक ट्रिक दिखाते समय उन्होंने थोड़ी−सी भी गलती कर दी तो वह उन्हें बेहद भारी पड़ सकता है।

स्किल्स

एक जादूगर के अंदर सकारात्मक सोच के साथ−साथ धैर्य होना भी बेहद आवश्यक है। उन्हें अपने कार्य में दक्ष होने के लिए कठिन परिश्रम करना पड़ता है। इसलिए इस क्षेत्र में केवल वही छात्र सफल हो सकते हैं जो परिश्रम से कतराते न हों। इसके अतिरिक्त आपके भीतर आत्मविश्वास, शोमैनशिप, व टीम में काम करना भी आना चाहिए। परफार्मेंस के दौरान उन्हें विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ सकता है, उन्हें इसके लिए भी तैयार रहना चाहिए। एक जादूगर में सेंस ऑफ ह्यूमर व हमेशा कुछ नया करने की इच्छा भी होनी चाहिए। 

योग्यता

जादूगर बनने के लिए अभी तक कोई भी फार्मल ट्रेनिंग की आवश्यकता नहीं होती। वैसे अधिकतर जादूगर कम से कम 12वीं पास तो होते ही हैं लेकिन ऐसा आवश्यक नहीं है। बहुत से सफल मैजिशियन नेचुरली टैलेंटेड होते हैं, वहीं कुछ छात्र इस कौशल को ट्रेनिंग के जरिए विकसित कर सकते हैं। इसके लिए आप विभिन्न सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्स में दाखिला ले सकते हैं।


संभावनाएं

एक जादूगर पार्टी, सामाजिक समारोहों, नाइट क्लबों, रेस्तरां, थियेटर व अन्य इवेंट्स में बतौर फ्रीलांसर अपनी सेवाएं दे सकते हैं। इस क्षेत्र में पर्याप्त अनुभव प्राप्त कर लेने के बाद आप स्टेज शोज भी आर्गेनाइज कर सकते हैं। आजकल विभिन्न टीवी शोज में भी मैजिक शोज आर्गेनाइज किए जाते हैं, आप चाहें तो वहां पर भी कार्य कर सकते हैं। अगर आपको अपने इस कार्य से बेहद प्रेम है तो आप पार्ट टाइम जॉब या फ्रीलांसर के अतिरिक्त विभिन्न एंटरटेनमेंट कंपनी में फुल टाइम जॉब कर सकते हैं। आप चाहें तो खुद का एक ब्रांड भी बना सकते हैं लेकिन इसके बेहद आवश्यक है कि आपकी ट्रिक्स अनोखी व परफेक्ट हों।

आमदनी

इस क्षेत्र में आपकी आमदनी आपके हाथ की सफाई व आपको मिलने वाले कार्य पर निर्भर करती है। आप एक शो से एक हजार रूपए से लेकर दस हजार रूपए तक आसानी से कमा सकते हैं। वैसे आपको मिलने वाला वेतन आपकी पॉपुलैरिटी से जुड़ा होता है।

प्रमुख संस्थान

मैजिक एकेडमी, केरल http://www.magicacademyindia.com/ 

इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ मैजिक, http://www.academyofmagical.com/

भारतीय मैजिक एकेडमी, हरियाणा http://www.cpyadav.com/magic_acadamy.html 

मिताली जैन

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़