Delhi Traffic Advisory: T20 मैच के कारण ITO, BSZ मार्ग पर भारी प्रतिबंध, घर से सोच-समझकर निकलें

Delhi Traffic
प्रतिरूप फोटो
ANI
Ankit Jaiswal । Mar 1 2026 10:48PM

जिम्बाब्वे-दक्षिण अफ्रीका टी20 मैच के लिए जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, अरुण जेटली स्टेडियम के पास आम वाहनों की पार्किंग पर रोक रहेगी और केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा; दर्शकों की सुविधा के लिए माता सुंदरी रोड सहित तीन जगहों से मुफ्त पार्क-एंड-राइड सेवा उपलब्ध कराई गई है।

दिल्ली में रविवार को क्रिकेट का रोमांच रहेगा, लेकिन इसके साथ ट्रैफिक की चुनौती भी सामने आ सकती है। टी20 विश्व कप के तहत जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक ने विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है।

मौजूद जानकारी के अनुसार दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक स्टेडियम और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे। पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को सलाह दी है कि वे पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि असुविधा से बचा जा सके।

गौरतलब है कि दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को बहादुरशाह जफर मार्ग और आईटीओ चौक पर संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

स्टेडियम के आसपास बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर डायवर्जन लागू रहेंगे। आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही सीमित की जाएगी। दर्शकों के लिए प्रवेश व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। गेट नंबर 1 से 8 तक दक्षिणी दिशा से बहादुरशाह जफर मार्ग के जरिए एंट्री होगी, जबकि गेट नंबर 10 से 15 तक पूर्वी दिशा से जेएलएन मार्ग, अंबेडकर स्टेडियम के पास से प्रवेश मिलेगा।

बस से आने वाले दर्शकों के लिए गेट नंबर 16 से 18 तक पश्चिमी दिशा से पेट्रोल पंप के पास बहादुरशाह जफर मार्ग से प्रवेश की सुविधा रहेगी। इसके अलावा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड से मुफ्त पार्क-एंड-राइड सेवा उपलब्ध रहेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के लिए स्टेडियम के पास पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। केवल अधिकृत लेबल वाले वाहनों को ही विक्रम नगर कट, शहीदी पार्क के पास से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वाहन के विंडस्क्रीन पर पार्किंग लेबल के साथ वाहन और चालक का विवरण अंकित होना जरूरी है।

सामान्य वाहनों को बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और रिंग रोड पर राजघाट से आईपी फ्लाईओवर तक पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहनों को टो कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है और सभी से अपेक्षा की जाती है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़