India के खिलाफ T20 Series के बाकी मैचों के लिए New Zealand टीम में कई बदलाव

India vs New zealand
ANI

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला के बाकी मैचों के लिए तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन के तहत टीम में कई बदलाव किए हैं। लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी तीसरे मैच में नहीं खेलेंगे, जबकि ब्लेयर टिकनर को शामिल किया गया है। कोच रॉब वाल्टर के मुताबिक व्यस्त कार्यक्रम में गेंदबाजों के बेहतर प्रदर्शन हेतु यह जरूरी है।

 न्यूजीलैंड ने अपने तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन के लिए भारत के खिलाफ मौजूदा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला के बाकी बचे मैचों के लिए अपनी टीम में कई बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी कार्यभार प्रबंधन के तहत तीसरे मैच में नहीं खेलेंगे। फर्ग्यूसन रविवार को ऑकलैंड के लिए रवाना होंगे और ईडन पार्क और सेडन पार्क में होने वाले चौथे और पांचवें टी20 मैचों के लिए फिर से टीम से जुड़ेंगे। हेनरी क्राइस्टचर्च में ही रहेंगे और दो नवंबर को ऑकलैंड में वनडे टीम के साथ जुड़ेंगे। काइल जैमीसन मंगलवार को हेनरी स्टेडियम में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद वेलिंगटन में ही रुकेंगे।

 वह 31 अक्टूबर को सेलो बेसिन रिजर्व में फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी के लिए खेलेंगे और इसके बाद एकदिवसीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे। ब्लेयर टिकनर अंतिम तीन टी20 मैचों के लिए जबकि जोश क्लार्कसन को अंतिम दो मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किया गया है। मैट फिशर को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इसके बाद वह फिर से न्यूजीलैंड ए टीम से जुड़ जाएंगे। 

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम का गेंदबाजी विभाग काफी मजबूत है और इससे आगे के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘टी20 श्रृंखला अभी तक काफी कड़ी रही है, जिसमें दो बेहद करीबी मैच खेले गए लेकिन अभी हमें काफी क्रिकेट खेलनी है।’’ 

वाल्टर ने कहा, ‘‘हमारे पास कई विकल्प मौजूद हैं और इसलिए हम अलग-अलग खिलाड़ियों को टीम में शामिल करके तेज गेंदबाजों का कार्यभार प्रबंधन अच्छी तरह से कर सकते हैं। इससे हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि वह आने वाले मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़