टीम इंडिया का जून 2022 तक का शेड्यूल जारी, घरेलू सरजमीं पर होंगे चार टेस्ट, तीन वनडे और 14 टी20 मैच

Team India
अंकित सिंह । Sep 21 2021 12:11PM

वेस्टइंडीज के बाद श्रीलंका का भारत दौरा रहेगा और उसके बाद जून 2022 में दक्षिण अफ्रीका की टीम भारत का दौरा करेगी। दूसरी ओर भारत की टीम दिसंबर 2021 और जनवरी 2022 के मध्य दक्षिण अफ्रीका का भी दौरा करेगी।

टी20 विश्व कप के बाद भारतीय क्रिकेट टीम पूरी तरह से व्यस्त रहने वाली है। भारतीय क्रिकेट टीम को जून 2022 तक घरेलू सरजमीं पर चार टेस्ट, 14 T20 मुकाबले और 3 एकदिवसीय मैच खेलने हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार टी20 विश्व कप के ठीक बाद नवंबर-दिसंबर में न्यूजीलैंड की टीम भारत के दौरे पर होगी। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम फरवरी 2022 में भारत में आएगी। वेस्टइंडीज के बाद श्रीलंका का भारत दौरा रहेगा और उसके बाद जून 2022 में दक्षिण अफ्रीका की टीम भारत का दौरा करेगी। दूसरी ओर भारत की टीम दिसंबर 2021 और जनवरी 2022 के मध्य दक्षिण अफ्रीका का भी दौरा करेगी। बीसीसीआई की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक के 2022 में इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन अप्रैल-मई के दौरान हो सकता है।

टी20 विश्व कप के बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उसे तीन एकदिवसीय और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने हैं। श्रीलंकाई टीम भारत के दौरे पर दो टेस्ट और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीकी टीम का भारतीय दौरा हालांकि महज 10 दिनों का होगा जिसमें उसे पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय इस लिए रखे हैं क्योंकि एक साल के अंदर ऑस्ट्रेलिया में एक और विश्व कप होना है। उस बड़े आयोजन से पहले हमें पर्याप्त संख्या में मैच खेलने की जरूरत है।’’चार टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मुकाबले कानपुर और मुंबई में खेले जाएंगे जबकि श्रीलंका के खिलाफ मैचों की मेजबानी बेंगलुरु और मोहाली को सौंपी गयी है। रोटेशन नीति के तहत सीमित ओवरों के 17 मैचों के स्थल का चयन किया गया है जिसमें जयपुर, रांची, लखनऊ, विशाखापट्टनम, कोलकाता, अहमदाबाद, कटक, त्रिवेंद्रम, चेन्नई, राजकोट, दिल्ली को मेजबानी का मौका मिलेगा। 


भारतीय क्रिकेट टीम का घरेलू कार्यक्रम 

न्यूजीलैंड के खिलाफ

17 नवंबर: पहला टी20 मैच (जयपुर) 

19 नवंबर: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (रांची) 

21 नवंबर: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (कोलकाता) 

25 से 29 नवंबर: पहला टेस्ट (कानपुर) 

तीन से सात दिसंबर: दूसरा टेस्ट (मुंबई) 

वेस्टइंडीज के खिलाफ

छह फरवरी: पहला एकदिवसीय (अहमदाबाद) 

नौ फरवरी: दूसरा एकदिवसीय (जयपुर) 

12 फरवरी: तीसरा एकदिवसीय (कोलकाता) 

15 फरवरी: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय (कटक) 

18 फरवरी: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (विजाग)

21 फरवरी: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (त्रिवेंद्रम) 

श्रीलंका के खिलाफ

 25 फरवरी से एक मार्च: पहला टेस्ट (बेंगलुरु) 

पांच से नौ मार्च : दूसरा टेस्ट (मोहाली) 

13 मार्च: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय (मोहाली) 

15 मार्च: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (धर्मशाला) 

18 मार्च: तीसरा टी20 मैच (लखनऊ) 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ

नौ जून: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय (चेन्नई) 

12 जून: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (बेंगलुरु) 

14 जून: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (नागपुर) 

17 जून : चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय (राजकोट) 

19 जून: पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय (दिल्ली)।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़