असम चुनाव: 8.6 प्रतिशत महिला प्रत्याशी ही हैं मैदान में

गुवाहाटी। असम में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में महिलाओं ने भले ही पुरूषों को पछाड़ दिया हो लेकिन इस चुनाव में कुल उम्मीदवारों में से केवल 8.6 प्रतिशत महिलाएं ही अपनी किस्मत आजमा रही हैं। 2011 चुनाव के मुकाबले सभी बड़े राजनीतिक दलों ने इस बार कम महिलाओं को टिकट दिए हैं। 2011 के मुकाबले इस बार चुनावी मैदान में केवल छह महिलाएं ही अधिक हैं। पिछली बार 85 महिलाएं मैदान में थी और उनमें से 14 (सभी कांग्रेस) महिलाएं विधायक चुनी गयी थीं। सभी महत्वपूर्ण पार्टियां, कांग्रेस, भाजपा और इसके गठबंधन सहयोगियों अगप, और बीपीएफ तथा एआईयूडीएफ ने पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार कम महिलाओं को टिकट दिया है।
सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अपनी 12 वर्तमान विधायकों सहित 16 महिलाओं को टिकट दिया है जबकि पिछले चुनाव में पार्टी ने 19 महिलाओं को टिकट दिया था। कांग्रेस की दो वर्तमान विधायक अलगपुर से मंदिरा राय और दुलिआजान से अमिया गोगोई को टिकट नहीं दिया गया है जबकि इस बार चार नये चेहरों बबीता शर्मा को गुवाहाटी (पूर्व), डॉक्टर जूरी शर्मा बारदोलई को गुवाहाटी (पश्चिम), अंगकिता दत्ता को अमगुरी और पल्लबी सैकिया गोगोई को टेओक से प्रत्याशी बनाया है। भाजपा 89 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उसने 2011 में नौ के मुकाबले इस बार केवल छह महिलाओं को मैदान में उतारा है।
अगप के साथ भी यह मामला है। उसने केवल दो महिलाओं को टिकट दिया है जबकि पिछले चुनाव में आठ महिलाओं को टिकट दिया गया था। भाजपा के अन्य गठबंधन सहयोगी बीपीएफ ने 2011 में तीन महिला प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा था जबकि इस बार केवल दो महिलाओं को टिकट दिया है। 74 सीटों पर चुनाव लड़ रही विधानसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी एआईयूडीएफ ने पांच महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया है। माकपा, भाकपा (माले), समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और यूनाईटेड पीपुल्स पार्टी ने केवल एक-एक महिला प्रत्याशी को टिकट दिया है जबकि एसयूसीआई ने तीन महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। असम में चार अप्रैल को 65 सीटों के लिए हुये पहले चरण के मतदान में महिला मतदाताओं का प्रतिशत पुरूषों की तुलना में अधिक रहा था। चुनावी आंकड़ों में बताया गया है कि महिला मतदाताओं का प्रतिशत 82.58 प्रतिशत रहा जबकि पुरूषों का प्रतिशत 81.84 प्रतिशत रहा।
पिछले विधानसभा चुनाव में 77.02 प्रतिशत पुरूषों जबकि 75 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया था। असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं। सबसे अधिक चार महिला प्रत्याशी कोकराझार (पश्चिम) सीट पर हैं। असम में 2016 के विधानसभा चुनाव में कुल 1,064 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं जिसमें से 43 महिलाएं पहले चरण में प्रत्याशी थी जबकि 48 महिलाएं दूसरे चरण में मैदान में हैं।
अन्य न्यूज़