फिल्मों के माध्यम से देशभक्ति की भावना बढ़ाते रहे मनोज कुमार

Manoj Kumar made most patriotic films

मनोज कुमार एक ऐसी शख्सियत हैं जब वे फिल्म इन्डस्ट्री में टॉप पर थे उस दौरान वे फिल्मों में रोमांस करने की बजाय देशभक्ति की फिल्में करना पसंद करते थे। मनोज कुमार का पांच फिल्मों में भारत नाम रहा।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 3 मई 2016 को हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार को फिल्म उद्योग में उनके योगदान के लिए फिल्म जगत का सबसे बड़ा दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया। ‘पूरब और पश्चिम’ ‘उपकार’ और ‘क्रांति’ जैसी अपनी देशभक्ति वाली फिल्मों के लिए विख्यात 78 वर्षीय अभिनेता जब विज्ञान भवन में व्हीलचेयर पर मंच पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका अभिनन्दन किया। फाल्के पुरस्कार पाने वाले मनोज कुमार 47वें व्यक्ति हैं। उनको स्वर्ण कमल पदक, 10 लाख रूपये की नगद राशि और एक शॉल प्रदान की गई। 

हिन्दी सिनेमा जगत में मनोज कुमार का नाम कभी अभिनय के लिए नहीं बल्कि उनकी फिल्मों के लिए लिया जाता है। जिस समय सभी अभिनेता रोमांटिक छवि की फिल्में करना पसंद करते थे उस समय मनोज कुमार ने हिन्दी सिनेमा का रुख देशभक्ति की तरफ किया और देश के युवाओं तक देशभक्ति को एक नए रूप में पेश किया। मसाला मूवी और लव स्टोरी तो हर निर्माता-निर्देशक बना लेते हैं लेकिन जब बात देशभक्ति से भरी फिल्म बनाने की होती है तो बॉलीवुड में अकसर बहुत कम लोग नजर आते हैं। 

बॉलीवुड में देशभक्ति के ऊपर फिल्म बनाने की बात आती है तो जो नाम सबसे ऊपर आता है वह है मनोज कुमार। अपनी फिल्मों में मनोज कुमार ने भारतीयता की खोज की। उन्होंने यह भी बताया कि देशप्रेम और देशभक्ति क्या होती है। मनोज कुमार एक ऐसी शख्सियत हैं जब वे फिल्म इन्डस्ट्री में टॉप पर थे उस दौरान वे फिल्मों में रोमांस करने की बजाय देशभक्ति की फिल्में करना पसंद करते थे। मनोज कुमार का पांच फिल्मों में भारत नाम रहा, जिसके कारण वह भारत कुमार के नाम से भी लोकप्रिय हो गए। मनोज ने अपने कैरियर में शहीद, उपकार, पूरब और पश्चिम तथा क्रांति जैसी देशभक्ति पर आधारित अनेक बेजोड़ फिल्मों में काम किया। शहीद उनकी सर्वश्रेष्ठ फिल्म मानी जाती है। इस फिल्म में उनके द्वारा निभाया गया शहीद भगत सिंह का किरदार बेहतरीन रहा। शहीद के दो साल बाद उन्होंने बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म उपकार का निर्माण किया। 

यह भी सच है कि यदि मनोज कुमार सन 1967 में उपकार न बनाते तो वह आज न तो भारत कुमार होते और शायद आज उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार भी नहीं मिला होता। मनोज कुमार ने हर बार इस सच को स्वीकार किया कि उपकार का ही उपकार है मुझ पर, जिसने मेरी जिंदगी बदल दी। उपकार देश की ऐसी पहली फिल्म थी जिसमें किसान समस्या और उनके योगदान के साथ देश के वीर जवानों यानी फौजियों के योगदान को भी एक साथ दिखाया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कहने पर उनके लोकप्रिय नारे जय जवान जय किसान के सार को लेकर बनी इस फिल्म में मनोज कुमार पहली बार भारत कुमार नाम के एक किसान के किरदार में परदे पर अवतरित हुए थे। इस फिल्म के सुपरहिट होने के बाद वह खुद मनोज कुमार कम और भारत कुमार ज्यादा हो गए। 

उपकार में मनोज कुमार ने भारत नाम के किसान युवक का किरदार निभाया था जो परिस्थितिवश गांव की पगडंडियां छोडक़र मैदान-ए-जंग का सिपाही बन जाता है। उपकार खूब सराही गई और उसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ कथा और सर्वश्रेष्ठ संवाद श्रेणी में फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था। फिल्म को द्वितीय सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार तथा सर्वश्रेष्ठ संवाद का बीएफजेए अवार्ड भी दिया गया। फिल्म में कल्याणजी आंनद जी के संगीत निर्देशन में पार्श्वगायक महेन्द्र कपूर की आवाज में गुलशन बावरा रचित यह गीत मेरे देश की धरती सोना उगले-उगले हीरा-मोती श्रोताओं के बीच आज भी शिद्दत के साथ सुना जाता है।

हिंदी फिल्म जगत में मनोज कुमार को एक ऐसे जीवन्त कलाकार के तौर पर जाना जाता है जिन्होंने फिल्म निर्माण की प्रतिभा के साथ-साथ निर्देशन, लेखन, संपादन और बेजोड़ अभिनय से भी दर्शकों के दिल में अपनी खास पहचान बनायी है। वर्ष 1957 से 1962 तक मनोज कुमार फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिये संघर्ष करते रहे। फिल्म फैशन के बाद उन्हें जो भी भूमिका मिली वह उसे स्वीकार करते चले गये। इस बीच उन्होंने कांच की गुडिया, रेशमी रूमाल, सहारा, पंचायत, सुहाग सिंदूर, हनीमून, पिया मिलन की आस जैसी कई बी ग्रेड फिल्मों मे अभिनय किया। लेकिन इनमें से कोई भी फिल्म बाक्स आफिस पर सफल नहीं हुयी।

मनोज कुमार का असली नाम नाम हरिकिशन गिरी गोस्वामी है। उनका जन्म 24 जुलाई 1937 में एबटाबाद (अब पाकिस्तान) में हुआ था। वह जब दस वर्ष के थे तो बंटवारे की वजह से उनका पूरा परिवार राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में आकर बस गया। बचपन के दिनों में मनोज कुमार ने दिलीप कुमार की फिल्म शबनम देखी थी। फिल्म में दिलीप कुमार के किरदार का नशा मनोज कुमार पर ऐसा चढ़ गया कि उन्होंने भी फिल्म अभिनेता बनने का फैसला कर लिया। मनोज कुमार ने अपनी स्नातक की शिक्षा दिल्ली के मशहूर हिंदू कॉलेज से पूरी की, इसके बाद बतौर अभिनेता बनने का सपना लेकर वह मुंबई आ गये। बतौर अभिनेता मनोज कुमार ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 1957 में रिलीज फिल्म फैशन से की। कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म टिकट खिडक़ी पर बुरी तरह से नकार दी गयी।

मनोज कुमार के अभिनय का सितारा निर्माता-निर्देशक विजय भट्ट की वर्ष 1962 में प्रदर्शित क्लासिक फिल्म हरियाली और रास्ता से चमका। फिल्म में उनकी नायिका की भूमिका माला सिन्हा ने निभायी। बेहतरीन गीत-संगीत और अभिनय से सजी इस फिल्म की कामयाबी ने मनोज कुमार को स्टार के रूप में स्थापित कर दिया। आज भी इस फिल्म के सदाबहार गीत दर्शकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। वर्ष 1964 में मनोज कुमार की एक और सुपरहिट फिल्म वो कौन थी प्रदर्शित हुई। फिल्म में उनकी नायिका की भूमिका साधना ने निभायी। बहुत कम लोगों को पता होगा कि फिल्म के निर्माण के समय अभिनेत्री के रूप में निम्मी का चयन किया गया था लेकिन निर्देशक राज खोसला ने निम्मी की जगह साधना का चयन किया। रहस्य और रोमांच से भरपूर इस फिल्म में साधना की रहस्यमय मुस्कान के दर्शक दीवाने हो गये। साथ ही फिल्म की सफलता के बाद राज खोसला का निर्णय सही साबित हुआ।

1965 में मनोज कुमार की सुपरहिट फिल्म गुमनाम और दो बदन भी रिलीज हुई। इस फिल्म में रहस्य और रोमांस के ताने-बाने से बुनी, मधुर गीत-संगीत और ध्वनि का कल्पनामय इस्तेमाल किया गया था। इस फिल्म में हास्य अभिनेता महमूद पर फिल्माया यह गाना हम काले है तो क्या हुआ दिलवाले हैं दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। 1965 में मनोज कुमार शहीद में भगत सिंह के किरदार में नजर आये, वर्ष 1967 में रिलीज़ फिल्म उपकार से मनोज कुमार निर्माता-निर्देशक बने। यह फिल्म स्व. प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जय जवान जय किसान के नारे पर आधारित थी, मनोज कुमार ने किसान की भूमिका के साथ ही जवान की भूमिका में भी दिखाई दिये। 1970 में मनोज कुमार के निर्माण और निर्देशन में बनी एक और सुपरहिट फिल्म पूरब और पश्चिम प्रदर्शित हुयी। फिल्म के जरिये मनोज कुमार ने एक ऐसे मुद्दे को उठाया जो दौलत के लालच में अपने देश की मिट्टी को छोड़कर पश्चिम में पलायन करने को मजबूर है।

1972 में मनोज कुमार के सिने कॅरियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म शोर प्रदर्शित हुई। वर्ष 1974 में प्रदर्शित फिल्म रोटी कपड़ा और मकान मनोज कुमार के कॅरियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। वर्ष 1976 में प्रदर्शित फिल्म दस नम्बरी की सफलता के बाद मनोज कुमार ने लगभग पांच वर्षों तक फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया। वर्ष 1981 में मनोज कुमार ने फिल्म क्रांति के जरिये अपने सिने कॅरियर की दूसरी पारी शुरू की। मनोज कुमार ने अपने दौर के सभी नायकों और नायिकाओं के साथ काम किया, राजेंद्र कुमार और राजेश खन्ना के दौर में भी वो कामयाब रहे और 1962 से लेकर 1981 तक सुपर हिट फि़ल्में देते रहे। 1970 में पूरब और पश्चिम, यादगार, पहचान, 1972 में शोर, बेईमान, 1974 में रोटी कपड़ा और मकान, 1975 में संन्यासी, 1976 में दस नम्बरी और 1981 में क्रांति जैसी हिट फिल्मों में काम किया। 

अपने सिने कॅरियर में मनोज कुमार सात फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किये गये हैं। वर्ष 1967 में प्रदर्शित फिल्म उपकार के लिये उन्हें सर्वाधिक चार फिल्म फेयर पुरस्कार दिये गये जिनमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म, निर्देशन, कहानी और डॉयलाग का पुरस्कार शामिल है। इसके बाद वर्ष 1972 में प्रदर्शित फिल्म बेईमान, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता 1974 में प्रदर्शित फिल्म रोटी कपड़ा और मकान, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, वर्ष 1998 में लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी मनोज कुमार को सम्मानित किया गया। 1992 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया। 2008 में उन्हें स्टार स्क्रीन लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। 2009 में दादा साहेब फाल्के अकादमी द्वारा फाल्के रत्न पुरस्कार दिया गया। 2012 संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यू जर्सी शहर में उन्हें भारत गौरव पुरस्कार दिया गया। 2013 में जागरण फिल्म महोत्सव में उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मनोज कुमार के दो बेटे हैं। विशाल गायक हैं और दूसरे बेटे कुनाल ने कई फिल्मों में काम किया पर वे कामयाब नहीं हो सके। क्रांति के बाद मनोज कुमार को कामयाबी नहीं मिल सकी लिहाजा वो फिल्मों से दूर गये। उन्होंने फिल्मों में नाना, दादा के रोल भी नहीं किये। पहले सरकार उन्हें सम्मान देने में चाहे कंजूसी बरतती रही, लेकिन आम जन ने उन्हें जहां अपना प्यार जी भरकर दिया वहां सम्मान देने में भी लोग पीछे नहीं रहे। उसकी एक मिसाल यह भी है कि महाराष्ट्र में शिर्डी साईं मंदिर को जोड़ने वाली सड़क का नाम इन्हीं के नाम पर मनोज कुमार मार्ग है। मनोज ऐसे पहले अभिनेता थे जिन्होंने शिर्डी साईं बाबा पर शिर्डी के साईंबाबा नाम से फिल्म लिखी, इसमें काम किया और इसे बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। यह फिल्म जनवरी 1977 में प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म के प्रदर्शित होने के बाद ही साईंबाबा में भक्तों की आस्था बढ़ने लगी। इसी के बाद और भी निर्माता अपनी फिल्मों में साईंबाबा के चमत्कार और उनके गीत दिखाने लगे।

- रमेश सर्राफ धमोरा

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़