Fruits for Arthritis: अर्थराइटिस के दर्द से आराम दिलाते हैं ये फल

Fruits for Arthritis
Prabhasakshi
मिताली जैन । May 21 2023 9:22AM

संतरा विटामिन सी का एक अच्छा स्रोत है और इसका सेवन करने से गठिया के मरीजों को काफी लाभ मिलता है। विटामिन सी सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए, आपको संतरे को अपनी डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए।

कुछ सालों पहले तक अर्थराइटिस की समस्या जहां बढ़ती उम्र में ही लोगों को होती थी। वहीं, अब कम उम्र में भी लोग गठिया के कारण दर्द से परेशान रहते हैं। ऐसे में वे अक्सर तरह-तरह की दवाइयां लेते हैं। लेकिन वास्तव में आपको अपनी डाइट पर विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए। जब आप सही आहार लेते हैं तो इससे गठिया के दर्द से राहत मिलती है। जी हां, कुछ ऐसे फल होते हैं, जो अर्थराइटिस के दर्द में आराम दिलाते हैं। कई तरह के विटामिन, मिनरल्स और एंटी-ऑक्सीडेंट व एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर ये फ्रूट्स सूजन को कम करते हैं और जोड़ों के दर्द को शांत करने में मदद करते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ फलों के बारे में बता रहे हैं-

अनानास

अनानास का खट्टा-मीठा स्वाद हम सभी को पसंद आता है, लेकिन क्या आपको पता है कि अनानास का सेवन करना गठिया रोगियों के लिए काफी अच्छा है। दरअसल, अनानास में ब्रोमेलैन नामक एक एंजाइम होता है। ब्रोमेलैन शरीर में सूजन व दर्द से राहत दिला सकता है। इसलिए, अगर आप अनानास का सेवन करते हैं, तो इससे आपको सूजन को कम करने में मदद मिलती है। साथ ही साथ, यह जोड़ों के दर्द और सूजन जैसे गठिया के लक्षणों से राहत दिला सकता है। अनानास में मौजूद विटामिन सी एक एंटी-ऑक्सीडेंट की तरह काम करता है और इससे भी गठिया में मरीज को काफी आराम मिलता है।

इसे भी पढ़ें: Pregnancy Tips: गर्भवती महिला डाइट में जरूर शामिल करें ये दाल, मां और बच्चा दोनों रहेंगे हेल्दी

संतरा

संतरा विटामिन सी का एक अच्छा स्रोत है और इसका सेवन करने से गठिया के मरीजों को काफी लाभ मिलता है। विटामिन सी सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए, आपको संतरे को अपनी डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए। आप इसे ऐसे ही खा सकते हैं। इससे आपको पर्याप्त फाइबर भी मिलेगा। अन्यथा इसका ताजा जूस निकालकर उसका सेवन भी किया जा सकता है।

सेब

अगर आपको गठिया है तो ऐसे में आपको सेब को अपनी डाइट में अवश्य शामिल करना चाहिए। दरअसल, सेब क्वार्सेटिन का एक समृद्ध स्रोत है। क्वार्सेटिन शरीर में सूजन को कम करने में मदद कर सकता है और गठिया के लक्षणों में आराम पहुंचाता है। इसलिए, आपको दिन में एक सेब का सेवन अवश्य करना चाहिए।  

- मिताली जैन

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़