Health Tips: प्रेग्नेंसी में क्यों होता है Mommy Brain, रिसर्च में Estrogen हार्मोन को पाया गया जिम्मेदार

Mommy Brain
Creative Commons License

प्रेग्नेंसी में भूलने की समस्या यानी मॉमी ब्रेन के वैज्ञानिक कारणों का खुलासा हुआ है। शोध के अनुसार एस्ट्रोजन हार्मोन बढ़ने से हाइपोथैलेमस और हिप्पोकैम्पस का न्यूरल सर्किट प्रभावित होता है, जिससे याददाश्त कमजोर होती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक यह बदलाव पूरी तरह प्राकृतिक और अस्थायी है, जो डिलीवरी के बाद अपने आप ठीक हो जाता है।

प्रेग्नेंसी के दौरान अक्सर महिलाओं को चीजें भूलने या फिर याददाश्त कमजोर होने की शिकायत होती है। इसको आम भाषा में 'मॉम्नेसिया' या 'मॉमी ब्रेन' कहा जाता है। अब वैज्ञानिकों ने इसके पीछे का कारण पता लगाया है। लंबे समय से प्रेग्नेंट महिलाओं का यह मानना है कि वह प्रेग्नेंसी के दौरान छोटी-छोटी बातों को भूल जाती हैं, जैसे कमरे में आकर यह भूल जाना कि वह किस काम के लिए वहां आई थीं, या जरूरी चीजों को रखकर भूल जाना। लेकिन हाल ही में हुए एक नए शोध में इस बात का खुलासा हुआ है कि इसके पीछे दिमाग का एक खास न्यूरल सर्किट और हार्मोन्स जिम्मेदार होता है।

जाने 'मॉमी ब्रेन' और हार्मोन्स का कनेक्शन

महिलाओं के शरीर में प्रेग्नेंसी के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का लेवल काफी बढ़ जाता है। यह हार्मोन गर्भ में पलने वाले बच्चे के विकास के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। वहीं प्रेग्नेंसी के थर्ड ट्राइमेस्टर में इसका लेवल अपने चरम पर पहुंच जाता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि यह बढ़ा हुआ एस्ट्रोजन हार्मोन दिमाग के उस सर्किट को प्रभावित करता है, जोकि हाइपोथैलेमस को हिम्पोकैम्पस से भी जोड़ता है।

इसे भी पढ़ें: Face Yoga: चेहरे पर नैचुरल ग्लो लाने के लिए डेली रूटीन में शामिल करें ये 4 Face Yoga

हिम्पोकैम्पस दिमाग का वह हिस्सा होता है, जोकि हमारी याददाश्त और चीजों को याद रखने में अहम भूमिका निभाता है। जब एस्ट्रोजन का लेवल लंबे समय तक काफी ज्यादा रहता है, तो यह अस्थाई रूप से दिमाग के तालमेल को बाधित कर देता है, जिस कारण याददाश्त से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं।

जानिए कैसे हुई यह रिसर्च

वैज्ञानिकों ने पाया कि हाइपोथैलेमस के न्यूरॉन्स ज्यादा एस्ट्रोजन की वजह से हिप्पोकैम्पस की एक्टिविटी को स्लो कर देते हैं, जिससे याद करने की क्षमता पर असर पड़ता है।

चूहों पर किए गए परीक्षण में यह साबित हुआ कि बढ़े हुए एस्ट्रोजन लेवल से उनमें याददाश्त की कमी पाई गई। लेकिन इससे चूहे के मूड पर कोई निगेटिव असर नहीं पड़ा।

वहीं जब वैज्ञानिकों ने चूहों के दिमाग से उस खास न्यूरल लिंक को इन-एक्टिव किया गया तो, उनमें भी याददाश्त की समस्या ठीक हो गई।

वहीं इस शोध के दौरान 70 प्रेग्नेंट महिलाओं और गैर प्रेग्नेंट महिलाओं पर भी परीक्षण किया गया। जिससे यह साफ हो गया कि प्रेग्नेंसी के लास्ट महीनों में याददाश्त पर असर बढ़ते हार्मोन्स से जुड़ा है।

प्रेग्नेंसी के दौरान 'मॉमी ब्रेन' की वजह से होने वाली भूलने की समस्या अब सिर्फ मिथक नहीं, बल्कि इसके पीछे हार्मोनल वजह है। हालांकि यह स्थिति महिलाओं के रोजमर्रा के कामकाज और जीवन को थोड़ा प्रभावित कर सकता है। लेकिन यह पूरी तरह से अस्थायी होता है और डिलीवरी के बाद धीरे-धीरे ठीक हो जाता है। वैज्ञानिकों के इस रिसर्च से यह साफ हुआ कि यह शरीर में होने वाले प्राकृतिक बदलावों का एक सामान्य हिस्सा है, जिससे परेशान होने की जरूरत नहीं है।

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
All the updates here:

अन्य न्यूज़