Bangladesh में Awami League के बंद पर BNP से टकराव, 2 कार्यकर्ताओं की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी के दो दिवसीय बंद के दौरान विपक्षी बीएनपी कार्यकर्ताओं के साथ कई इलाकों में हिंसक झड़पें हुईं। शरीयतपुर जिले में देसी बम धमाकों और गोलीबारी के बीच अवामी लीग से जुड़े दो लोगों की जान चली गई। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंधों के बीच कई राजमार्गों पर वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं दर्ज की गईं।

बांग्लादेश में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से बुलाए गए दो दिवसीय देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान सत्तारूढ़ बीएनपी के कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़पों में अवामी लीग से जुड़े दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बांग्लादेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी हिंसा रविवार को और बढ़ गई। कई जगहों पर देसी बम धमाकों, आगजनी और सड़कों पर जाम लगाने की घटनाएं सामने आईं।

हिंसा की ये घटनाएं सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद हुईं। इससे कुछ दिन पहले ही शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना का ऐलान किया था। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि उन्हें दो लोगों की मौत की जानकारी दी गई है।

हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी। चश्मदीदों और स्थानीय मीडिया में आईं खबरों के मुताबिक, मृतकों की पहचान 30 वर्षीय इब्राहिम सिपाही और 40 वर्षीय निजामुद्दीन मिर्जा के रूप में हुई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, अवामी लीग की युवा शाखा जुबो लीग के कार्यकर्ता सिपाही की मौत शरीयतपुर जिले के जजीरा उपजिला में हुई झड़पों के दौरान हुई।

यह इलाका पद्मा पुल के दक्षिणी छोर के पास है। चश्मदीदों के मुताबिक, सिपाही पर कथित तौर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था। वहीं, मिर्जा को इसी इलाके में हुई झड़पों के दौरान गोली लगी थी।

स्थानीय मीडिया ने पुलिस के हवाले से बताया कि उन्हें एक स्थानीय अस्पताल से लगभग 90 किलोमीटर दूर ढाका के बड़े अस्पताल में ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, शरीयतपुर के नौदोबा और बीकेनगर इलाकों में सुबह के समय दोनों गुटों के बीच झड़प हुई। शुरुआत में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे का पीछा कर रहे थे, लेकिन बाद में मामला बढ़ गया और गोलीबारी के साथ देसी बम धमाके भी हुए।

हिंसा के कारण पद्मा पुल और ढाका-भांगा एक्सप्रेसवे पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, बीएनपी कार्यकर्ताओं की 12 से 20 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया गया।

इसके अलावा, एक रेस्तरां, उसके पास स्थित एक भोजनालय और बीएनपी की रैली के लिए तय एक स्थान पर भी तोड़फोड़ की गई। एक अन्य घटना में, पाबना जिले के बेरा उपजिला में 50 से अधिक लोगों ने कथित तौर पर हथियारों के साथ एक पुलिस थाने पर हमला कर दिया। माना जा रहा है कि ये लोग अवामी लीग के समर्थक थे।

प्रोथोम आलो अखबार के मुताबिक, हमलावरों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के 12 गोले छोड़े और रबर की 123 गोलियां चलाईं। इस दौरान पुलिस की एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई और एक यात्री बस में तोड़फोड़ की गई। शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में भी अवामी लीग के समर्थकों और उससे जुड़े संगठनों ने कई जगहों पर जुलूस निकाले और सड़कें जाम कीं।

इसके कारण ढाका-खुलना राजमार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित हुआ।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़