सऊदी अरब में 2 नागरिकों को मृत्युदंड पर Bangladesh ने मांगी विस्तृत जानकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जेद्दा स्थित बांग्लादेशी महावाणिज्य दूतावास ने 19 अक्टूबर को मक्का में सऊदी विदेश मंत्रालय को राजनयिक पत्र भेजा। इस पत्र में 14 अक्टूबर को मृत्युदंड पाए दो नागरिकों के अदालती आदेश, आरोपों और कानूनी सहायता से जुड़े छह बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा शवों को सौंपने अथवा दफनाने की स्थिति पर भी विवरण तलब किया गया है।

बांग्लादेश ने अपने दो नागरिकों को सऊदी अरब के मक्का क्षेत्र में मृत्युदंड दिए जाने के मामले में विस्तृत जानकारी मांगी है। स्थानीय मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई। सऊदी अरब से बांग्लादेश के नागरिकों के खिलाफ लगाए गए आरोपों, अदालत के फैसलों, मृत्युदंड के तरीके और मुकदमे के दौरान उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराए जाने से संबंधित जानकारी देने को कहा गया है।

बांग्लादेश के अखबार ‘प्रथम आलो’ में शनिवार को प्रकाशित एक खबर के अनुसार, जेद्दा स्थित बांग्लादेश के महावाणिज्य दूतावास ने 19 अक्टूबर को मक्का में सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय की शाखा को एक राजनयिक पत्र भेजकर छह सवालों के जवाब मांगे हैं। खबर के मुताबिक, जेद्दा में बांग्लादेश के महावाणिज्य दूत ने उसी दिन एक बैठक के दौरान सऊदी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष भी यह मामला उठाया। मक्का की एक मस्जिद के भीतर ‘‘अशोभनीय कृत्य’’ करने के दोषी ठहराए जाने के बाद बांग्लादेश के दो नागरिकों - एक पुरुष और एक महिला - को 14 अक्टूबर को मृत्युदंड दिया गया था।

खबर के अनुसार, राजनयिक पत्र में कथित अपराधों का विवरण, उनके घटित होने की तारीख और स्थान, दोनों नागरिकों की गिरफ्तारी की तारीख तथा अदालत के फैसलों की प्रमाणित प्रतियां मांगी गई हैं। पत्र में यह भी पूछा गया है कि मौत की सजा सिर कलम करके दी गई या किसी अन्य तरीके से। इसके अलावा इस बारे में भी जानकारी मांगी गई है कि दोनों के शवों को कहां रखा गया है और क्या उन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा या सऊदी अरब में ही दफना दिया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़