Canada सैन्य अड्डे पर आग से 4 सैनिकों की मौत, जांच में जुटे 50 अधिकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अल्बर्टा स्थित कनाडियन फोर्सेज बेस वेनराइट में शनिवार को आग लगने से 4 सैनिकों की जान चली गई और 39 अन्य घायल हो गए। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने संसद में बताया कि इस त्रासदी की पड़ताल के लिए 50 अधिकारियों को तैनात किया गया है। यह जांच कनाडियन फोर्सेज नेशनल इन्वेस्टिगेशन सर्विस और रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस मिलकर कर रही हैं।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोमवार को कहा कि देश के एक सैन्य अड्डे पर आग लगने से चार सैनिकों की मौत और 39 अन्य के घायल होने के मामले की जांच के लिए 50 अधिकारियों को तैनात किया गया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि पास में आग लगने की जानकारी होने के बावजूद सैनिकों का प्रशिक्षण जारी क्यों रखा गया। कार्नी ने ओटावा में संसद को संबोधित करते हुए कहा कि अल्बर्टा स्थित ‘कनाडियन फोर्सेज बेस वेनराइट’ में शनिवार को हुई इस त्रासदी की जांच ‘कनाडियन फोर्सेज नेशनल इन्वेस्टिगेशन सर्विस’, ‘रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस’ के सहयोग से कर रही है।

कार्नी के ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में संबोधन से पहले सांसदों ने एक मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। विपक्षी दलों के नेताओं ने भी दिवंगत सैनिकों को याद किया। कार्नी ने कहा, ‘‘प्रशिक्षण क्षेत्र में आग धधक रही थी।

तेज हवाओं के कारण आग एक मिनट से भी कम समय में करीब एक किलोमीटर दूर उस स्थान तक पहुंच गई, जहां सैनिक मौजूद थे।’’ उन्होंने बताया कि जांच अधिकारी अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लगा पाए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़