अटलांटा में G20 विदेश मंत्रियों की वार्ता बेनतीजा खत्म, यूक्रेन युद्ध पर मतभेद से संयुक्त बयान अटका

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अटलांटा में आयोजित जी20 विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक बिना किसी संयुक्त बयान के शनिवार को समाप्त हो गई। रूस-यूक्रेन युद्ध और अन्य वैश्विक सुरक्षा मामलों पर गहरे मतभेदों के चलते समूह साझा रुख नहीं बना सका। इसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने औपचारिक समझौते के बिना केवल अध्यक्ष का सारांश बयान जारी किया।

अटलांटा, एक नवंबर (एपी) दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी20 के शीर्ष राजनयिक दो दिन की वार्ता के बाद शनिवार को कई अहम वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर आम सहमति बनाने में नाकाम रहे। रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर मतभेदों का असर अटलांटा में हुई बैठक की शुरुआत से ही दिखाई दिया। इस कारण समूह ने संयुक्त बयान जारी नहीं किया।

इसके बजाय अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बैठक के बाद अध्यक्ष का बयान जारी किया, जिसमें चर्चा का सार और ऊर्जा एवं खाद्य सुरक्षा तथा समुद्री मार्गों से आवागमन की स्वतंत्रता जैसी प्राथमिकताओं का उल्लेख किया गया। इसमें किसी सहमति या समझौते की जानकारी नहीं दी गई। रुबियो ने कहा कि इन समस्याओं के सर्वमान्य समाधान के करीब पहुंचने का दावा नहीं किया जा सकता।

हालांकि, उन्होंने कहा कि जी20 के कुछ देश आपूर्ति शृंखला और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं। रुबियो ने शुक्रवार को एकता की अपील के साथ वार्ता शुरू की थी, लेकिन रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की मौजूदगी पर यूरोपीय राजनयिकों की आपत्ति के बाद विदेश मंत्रियों की पारंपरिक ‘समूह तस्वीर’ (ग्रुप फोटो) रद्द कर दी गई। यूरोपीय प्रतिनिधियों ने तस्वीर का बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी।

पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की ने कहा कि युद्धों में शामिल देशों के एक साथ मेज पर होने के कारण साझा रुख पर सहमति बनाना मुश्किल है। राजनयिकों के अनुसार, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल का युद्ध, अमेरिकी शुल्क और दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियों को लेकर मतभेद बने हुए हैं। बैठक के दौरान ईरान में अमेरिका के नए सैन्य हस्तक्षेप की आशंका भी चर्चा में रही।

इससे सऊदी अरब सहित पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ी है। रुबियो ने शुक्रवार को सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान और तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान से मुलाकात की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़