IAF प्रमुख चौधरी ने श्रीलंका के शीर्ष सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की

IAF chief Chowdhury
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

श्रीलंका पर चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच उन्होंने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक दोस्ती को भी याद किया। एयर चीफ मार्शल चौधरी सोमवार को चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे थे। उन्होंने श्रीलंकाई वायुसेना के कमांडर एयर मार्शल सुदर्शन पथिराना से यहां के वायुसेना मुख्यालय में मुलाकात की।

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर.चौधरी ने मंगलवार को श्रीलंका के शीर्ष सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से अहम विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। श्रीलंका पर चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच उन्होंने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक दोस्ती को भी याद किया। एयर चीफ मार्शल चौधरी सोमवार को चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे थे। उन्होंने श्रीलंकाई वायुसेना के कमांडर एयर मार्शल सुदर्शन पथिराना से यहां के वायुसेना मुख्यालय में मुलाकात की।

श्रीलंकाई सशस्त्र बलों के क्षमता निर्माण में सहयोग की भारतीय प्रतिबद्धता के तहत चीफ एयर मार्शल चौधरी ने पड़ोसी देश को एएन-32 प्रोपेलर भेंट किये ताकि श्रीलंकाई वायुसेना उच्च स्तर पर अपने विमान को अभियान के लिए तैयार रख सके। कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, ‘‘ एयर चीफ मार्शल वी.आर.चौधरी ने एएन-32 प्रोपेलर को भारत सरकार की ओर से श्रीलंकाई वायुसेना के कटुनायके एयर बेस पर यहां के वायुसेना कमांडर को भेंट किया। यह श्रीलंका के सशस्त्र बलों की क्षमता विकास में भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।’’

न्यूज फर्स्ट चैनल की खबर के मुताबिक भारतीय वायुसेना प्रमुख अपने श्रीलंकाई समकक्ष पथिराना के निमंत्रण पर द्वीपीय देश की यात्रा पर हैं। कोलंबो पहुंचने पर उनकी अगवानी श्रीलंकाई वायुसेना ठिकाने, कोलंबो के कमांडर एयर कमोडोर सुरेश फर्नांडो ने की और उन्हें गारद सलामी दी गई। उन्हें श्रीलंकाई वायुसेना के ‘कलर स्क्वाड्रन’ से सम्मानित किया गया। एयर चीफ मार्शल चौधरी ने श्रीलंकाई नौसेना के कमांडर वाइस एडमिरल प्रियंथा परेरा से कोलंबो स्थित नौसेना के मुख्यालय में मुलाकात की। कोलंबो में नौसेना के मुख्यालय पहुंचने पर भारतीय वायुसेना प्रमुख का स्वागत नौसेना की पंरपरा के तहत किया गया।

एयर चीफ मार्शल चौधरी ने श्रीलंका के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के कमांडेंट मेजर जनरल सेनरथ यापा से मुलाकात की और कॉलेज में श्रीलंकाई सशस्त्र बलों के अधिकारियों को भारतीय वायुसेना में बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने महाविद्यालय को करीब एक करोड़ श्रीलंकाई रुपये मूल्य कीमत की किताबें भी भेंट की। दोनों पक्षों ने चर्चा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से अहम विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान किया और दोनों देशों के दीर्घकालिक मित्रवत संबंधों को याद किया। एयर चीफ मार्शल चौधरी ने सोमवार को कोलंबो पहुंचने के बाद यहां के गंगरम्या मंदिर में भगवान बुद्ध का आशीर्वाद लिया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़