Iran का ऐलान: US व्यवहार सुधारे तभी खुलेगा Strait of Hormuz जलमार्ग

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि जब तक अमेरिका अपने बर्ताव में बदलाव नहीं लाता, तब तक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला जाएगा। रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर मोहम्मद बाघेर जुलघद्र ने कहा कि अमेरिका को सैन्य मौजूदगी हटाने, समुद्री प्रतिबंध समाप्त करने और नुकसान की भरपाई जैसी शर्तें पूरी करनी होंगी। ईरान ने इस जलमार्ग के प्रबंधन को लेकर ओमान के साथ समझौता होने के करीब पहुंचने की बात भी कही है।
दुबई, आठ अगस्त (एपी) ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा है कि अमेरिका जब तक अपने व्यवहार में सुधार नहीं करता, होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला जाएगा। इस नए रुख के साथ ईरान ने जलमार्ग और वहां होने वाले आवागमन को लेकर किसी समझौते के लिए बातचीत को प्रभावित करने वाली नयी शर्तें रख दी हैं। ईरान के सरकारी प्रसारक ने परिषद के सचिव एवं रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर मोहम्मद बाघेर जुलघद्र का बयान प्रसारित किया।
बयान में कहा गया कि अमेरिका को दोबारा कभी ईरान को धमकी नहीं देनी चाहिए और उसे ईरान तथा क्षेत्र में उसके सशस्त्र सहयोगियों के साथ जारी युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करना चाहिए। इसमें कहा गया कि अमेरिका को ईरानी बंदरगाहों पर लगाए गए नौसैनिक प्रतिबंध को हटाना होगा और क्षेत्र से अपनी सैन्य मौजूदगी वापस लेनी होगी। बयान में यह भी कहा गया कि इसके अलावा उसे युद्ध से हुए नुकसान की ‘‘पूरी भरपाई’’ करनी होगी, प्रतिबंध हटाने होंगे और ईरान की जब्त की गई संपत्तियों को ‘‘बिना किसी शर्त’’ जारी करना होगा।
अमेरिका की ओर से इस पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अमेरिका ने पूर्व में कहा था कि वह जलडमरूमध्य की नाकाबंदी समाप्त करने से पहले वहां की व्यवस्था को लेकर एक स्वीकार्य समझौता चाहता है। ईरान ने इससे पूर्व कहा था कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन को लेकर ओमान के साथ एक समझौते के करीब पहुंच गया है।
यह जलमार्ग दोनों देशों के बीच स्थित है।
अन्य न्यूज़













