Regional Security पर नया सहयोग, Tehran में सऊदी, पाकिस्तान और Turkey की अहम बैठक

Iran
ANI
अभिनय आकाश । Oct 26 2026 4:39PM

ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार तेहरान में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के शीर्ष अधिकारियों की एक अहम बैठक हो रही है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा तंत्र विकसित करना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है। इस दौरान इजरायल की गतिविधियों, फिलिस्तीन और लेबनान से जुड़े अहम सुरक्षा मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को कहा कि तेहरान में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक, क्षेत्रीय सुरक्षा पर आगे के सहयोग का रास्ता खोल सकती है। ईरानी समाचार एजेंसी ISNA के अनुसार, बघाई ने अपनी साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही। वे सऊदी रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और तुर्की के खुफिया प्रमुख इब्राहिम कलिन की प्रस्तावित बैठक से जुड़े एक सवाल का जवाब दे रहे थे। बघाई ने कहा कि जैसा कि सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप-सचिव ने घोषणा की है, आज तेहरान में सऊदी रक्षा मंत्री, पाकिस्तानी सेना प्रमुख और तुर्की खुफिया सेवा के प्रमुख की बैठक होने वाली है। उन्होंने बताया कि इस बैठक का प्रस्ताव पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तेहरान यात्रा के दौरान रखा गया था, जिसे ईरान ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया। उन्होंने कहा, "इस बैठक का प्रस्ताव आसिम मुनीर की तेहरान यात्रा के दौरान आया था और ईरान ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाया। तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और आज यह बैठक होनी है। 

इसे भी पढ़ें: ''White House ऐसा लगता है जैसे Saddam Hussein ने Cheesecake Factory खोल ली हो'', Obama के तंज पर बुरी तरह भड़के Trump


बघाई ने कहा कि तेहरान, क्षेत्र के देशों द्वारा अपने हितों और चिंताओं के आधार पर सुरक्षा तंत्र विकसित करने के प्रयासों का स्वागत करता है। उन्होंने कहा, "हमारी राय में, यह एक अच्छी बात है कि क्षेत्र के देश अपने हितों और चिंताओं के आधार पर सुरक्षा तंत्र बनाने की कोशिश कर रहे हैं या कम से कम इस दिशा में विचार कर रहे हैं। यह बैठक क्षेत्रीय सुरक्षा को आकार देने की दिशा में आगे के काम की शुरुआत हो सकती है।" उन्होंने आगे कहा कि ईरान ने हमेशा सुरक्षा के लिए एक क्षेत्रीय दृष्टिकोण की वकालत की है, और उसका मानना ​​है कि क्षेत्र के देशों को अपनी सुरक्षा व्यवस्था खुद तय करनी चाहिए। बघाई ने कहा हम दशकों से इस बात पर जोर देते आ रहे हैं कि क्षेत्रीय सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब क्षेत्र के देश खुद ऐसा चाहें और अपनी सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखें।" ईरानी प्रवक्ता ने इस बात पर भी जोर दिया कि स्थायी सुरक्षा हासिल करने के लिए क्षेत्रीय देशों के बीच सहयोग और विश्वास होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा पिछले दो वर्षों, और खासकर पिछले आठ महीनों की घटनाओं ने यह दिखा दिया है कि क्षेत्र के देशों के बीच सहयोग और विश्वास कायम किए बिना, यहां एक स्थायी और भरोसेमंद सुरक्षा व्यवस्था संभव नहीं है। 

इसे भी पढ़ें: Bibi शानदार प्रधानमंत्री, वोट दो…नेतन्याहू पर ट्रंप मेहरबान, वजह है ईरान?


बघाई ने बताया कि इन तीन अधिकारियों की मुलाकात ईरान के राष्ट्रपति और 'सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल' के सचिव से भी होनी है, जिसमें कई क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति और 'सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल' के सचिव के साथ होने वाली इन बैठकों में कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यह पहली बैठक है, इसलिए स्वाभाविक है कि इसमें बैठक के एजेंडे और विषयों पर निर्णय लिए जाएंगे।" उन्होंने आगे कहा कि इन चर्चाओं में क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़ी अहम चिंताओं को शामिल किए जाने की उम्मीद है, जिनमें इज़राइल की गतिविधियां, फिलिस्तीन और उसके आसपास के क्षेत्रों में हो रहे घटनाक्रम, तथा लेबनान से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़