बोलीविया में हड़ताल कर रहे खनिकों ने उप मंत्री को मार डाला

[email protected] । Aug 26 2016 2:38PM

बोलीविया में खनन संबंधी कानूनों को लेकर हड़ताल कर रहे खनिकों ने मध्यस्थता करने पहुंचे देश के उप गृह मंत्री का अपहरण किया और पीट पीट कर उन्हें कथित तौर पर मार डाला।

लापाज। बोलीविया में खनन संबंधी कानूनों को लेकर हड़ताल कर रहे खनिकों ने मध्यस्थता करने पहुंचे देश के उप गृह मंत्री का अपहरण किया और पीट पीट कर उन्हें कथित तौर पर मार डाला। सरकार के मंत्री कालरेस रोमेरो ने इसे ‘‘कायरतापूर्ण कार्रवाई तथा निर्मम तरीके से की गई हत्या’’ करार दिया है। उन्होंने कहा है कि उप मंत्री रोदोल्फो इलानेज का शव प्रशासन के सुपुर्द किया जाना चाहिए। रक्षा मंत्री रेयमी फेरेरिया ने रेड यूनो टेलीविजन को बताया कि इलानेज को हड़ताल कर रहे खनिकों ने बुरी तरह पीटा जिससे उनकी मौत हो गई। यह जानकारी देते हुए फेरेरिया का गला रूंध गया।

इलानेज गृह विभाग में उप मंत्री थे।पू र्व में रोमेरो ने कहा था कि इलानेज का अपहरण कर लिया गया और संभवत: उन्हें प्रताड़ित किया गया। लेकिन वह इन खबरों की पुष्टि नहीं कर पाए कि निजी कंपनियों से संबद्ध होने के अधिकार की मांग और अन्य मुद्दों के चलते हड़ताल कर रहे खनिकों ने इलानेज को मार डाला। इस घटना के बाद पुलिस के साथ संघर्ष में दो प्रदर्शनकारियों की जान चली गई। इस घटना से तनाव बढ़ सकता है। लापाज से करीब 130 किमी दूर पांडुरो में हड़ताल कर रहे खनिकों ने सोमवार से राजमार्ग को अवरूद्ध कर रखा है। हड़ताल के कारण हजारों यात्री और वाहन वहां फंसे हुए हैं। इलानेज इन खनिकों से बातचीत करने के लिए ही पांडुरो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि खनिकों ने कल सुबह इलानेज को बंदी बनाया था। दोपहर को इलानेज ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कहा ‘‘मेरा स्वास्थ्य ठीक है। मेरा परिवार चिंता न करे।’’ बताया जाता है कि इलानेज को हृदय संबंधी समस्याएं थीं। बोलीविया में खनिकों की संख्या करीब 100,000 है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़