New York Mayor Zohran Mamdani हिंदू समुदाय संग नवरात्रि समारोह में शामिल हुए

न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने क्वींस में हिंदू समुदाय के साथ नवरात्रि और दुर्गा पूजा मनाते हुए नफरत के खिलाफ एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने मंदिरों में गरबा और आरती में भाग लिया तथा इलिनॉय के मंदिर में हालिया गोलीबारी की साजिश का जिक्र करते हुए परस्पर सौहार्द की अपील की।
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 22 अक्टूबर अमेरिका के इलिनॉय राज्य में एक मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की साजिश नाकाम किए जाने के कुछ दिन बाद न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने यहां भारतीय मूल के हिंदू समुदाय के लोगों के साथ नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा मनाई तथा लोगों से नफरत के खिलाफ एकजुट होने और एक-दूसरे का ख्याल रखने की अपील की। ममदानी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस सप्ताह मुझे क्वींस में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों के साथ नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशैं और विजयादशमी मनाने का सौभाग्य मिला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने गरबा किया, आरती में हिस्सा लिया, सिंदूर खेला की रस्म देखी और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। शहर के विभिन्न मंदिरों में लोगों के साथ मिलकर खुशी और श्रद्धा के इस उत्सव में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात थी, खासकर इसलिए कि पिछले सप्ताह ही इलिनॉय के एक हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की कोशिश की गई थी।’’ मेयर ने कहा, ‘‘आइए, हम सभी नफरत के खिलाफ खड़े होने और एक-दूसरे का ख्याल रखने की अपनी साझा जिम्मेदारी निभाने के लिए एकजुट हों।
जय माता की।’’ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में ममदानी भारतीय मूल के लोगों के साथ गरबा करते और मंदिरों में पूजा-अर्चना तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लेते दिखाई दिए। ममदानी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका में हिंदुओं के प्रति नफरत बढ़ने को लेकर चिंताएं जताई जा रही हैं। हाल में इलिनॉय के ऑरोरा इलाके में एक मंदिर पर हमले की साजिश रचने के आरोपी 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, मंदिर में आरोपी की राइफल में खराबी आ जाने के कारण सामूहिक गोलीबारी की उसकी साजिश नाकाम हो गई थी। इस घटना की अमेरिकी सांसदों, नेताओं और सामाजिक संगठनों ने निंदा की है। उन्होंने देश में हिंदुओं और भारतीयों के प्रति बढ़ती नफरत से निपटने के लिए कदम उठाने की मांग की है।
इलिनॉय का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि जब किशोर कथित तौर पर सामूहिक गोलीबारी करने के इरादे से ऑरोरा स्थित मंदिर पहुंचा था, तब वह अपने परिवार के साथ वहीं मौजूद थे। नवरात्रि हिंदुओं का एक प्रमुख त्योहार है, जिसमें मां दुर्गा और उनके विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान लोग पूजा-अर्चना करते हैं, उपवास रखते हैं और सामूहिक समारोहों में हिस्सा लेते हैं।
दुर्गा पूजा का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।
अन्य न्यूज़














