Ishaq Dar ने ईरानी समकक्ष Abbas Araghchi से की बातचीत, कूटनीति पर दिया जोर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और क्षेत्रीय तनाव को कूटनीति के जरिए सुलझाने की अपील की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के बदलते हालात और बगदाद में आगामी ओआईसी विदेश मंत्रियों की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। यह विमर्श सऊदी अरब के बुनियादी ढांचों पर हालिया हूती हमलों के बीच हुआ है।

(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 18 अक्टूबर पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और उनके ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची ने “बदलते क्षेत्रीय हालात” और बगदाद में इस्लामी सहयोग संगठन (ओआईसी) के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक पर रविवार को चर्चा की। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, डार ने टेलीफोन पर हुई बातचीत में अराघची से आग्रह किया कि वह क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान कूटनीति के जरिये करें। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत सऊदी अरब में हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों सहित अहम बुनियादी ढांचों पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच हुई।

हूती विद्रोहियों ने इस महीने सऊदी अरब के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आभा हवाई अड्डे सहित अन्य हवाई अड्डों को बार-बार निशाना बनाया है, जिससे उड़ानें बाधित हुई हैं और जानमाल का नुकसान भी झेलना पड़ा है। बयान में कहा गया है, “दोनों नेताओं ने बदलते क्षेत्रीय हालात और बगदाद में ओआईसी विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक पर चर्चा की। उप-प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री डार ने क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार बातचीत और कूटनीति के महत्व पर जोर दिया।” ओआईसी विदेश मंत्रियों की परिषद की 52वीं बैठक 17-18 अक्टूबर 2026 को इराक के बगदाद में आयोजित की जा रही है।

पाकिस्तान ओआईसी के संस्थापक सदस्यों में शामिल है। बयान के मुताबिक, डार और अराघची ने आपस में करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। ईरान ने इस हफ्ते सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बातचीत में मदद करने की पेशकश की।

सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये ने मक्का में एक शिखर सम्मेलन के बाद सात अगस्त को ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर हस्ताक्षर किए। इस त्रिपक्षीय रक्षा समझौते के तहत तीनों देशों में से किसी एक पर भी हमला होने पर उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़