सीरिया संघर्षविराम पर रूस के साथ स्पष्ट राय बनी: केरी

[email protected] । Aug 27 2016 11:30AM

अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि सीरिया में संघर्षविराम बहाल करने के मार्ग पर वह और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ‘‘एक स्पष्ट राय’’ पर पहुंचे हैं।

जिनीवा। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि सीरिया में संघर्षविराम बहाल करने के मार्ग पर वह और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ‘‘एक स्पष्ट राय’’ पर पहुंचे हैं, लेकिन इस संबंध में विस्तार से काम करना बाकी है। लावरोव के साथ कल जिनीवा में थोड़े थोड़े समय के अंतराल पर तकरीबन 10 घंटे तक चली बैठक के बाद केरी ने बताया कि संघषर्विराम बहाल करने और मानवीय पहुंच में सुधार के संबंध में कदमों पर व्यापक तकनीकी विमर्श हुआ। केरी ने कहा है कि आगामी दिनों में अनसुलझे कदमों को अंतिम रूप देने की खातिर विशेषज्ञ जिनीवा में ही रहेंगे।

केरी से सहमति जताते हुए लावरोव ने कहा ‘‘हमें अब भी कुछ मुद्दों को अंतिम रूप देने की आवश्यकता है।’’ उन्होंने अल कायदा से संबद्ध ‘अल-नुस्रा फ्रंट’ के लड़ाकों को, पश्चिमोत्तर सीरिया के कई हिस्सों पर कब्जा जमाए अमेरिका समर्थित लड़ाकों से अलग करने की जरूरत पर जोर दिया। लावरोव ने सीरिया सरकार और अमेरिका समर्थित विपक्ष के बीच संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में होने वाली और अप्रैल में बाधित हो गई वार्ताओं को बहाल करने पर जोर दिया, जिससे हाल के दिनों में बढ़ी शत्रुता को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने रूस और अमेरिका के बीच माहौल में हो रहे सुधार की सराहना भी की। केरी ने कहा, ‘‘हम करीब हैं। लेकिन जब तक सीरियाई लोगों की आवश्यकताओं को लेकर संतुष्टि नहीं मिल जाती तब तक हमें इस समझौते को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है।’’

इससे पहले संघर्षविराम को लेकर हुए नाकाम प्रयासों को फिर से शुरू करने पर सहमति जताते हुए केरी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी को गुप्त रखने की अहमियत पर जोर दिया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़