रूसी हमलों से Kyiv में बुनियादी ढांचा प्रभावित, पानी और बिजली सेवा हुई ठप

रूसी हमलों से Kyiv में बुनियादी ढांचा प्रभावित, पानी और बिजली सेवा हुई ठप
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

यूक्रेन की राजधानी कीव और नजदीकी इलाकों में बुधवार रात बुनियादी ढांचों पर हुए हमलों के बाद जल और विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। आपातकालीन टीमों के काम शुरू करने के बाद आपूर्ति बहाल की गई, जबकि दक्षिणी क्षेत्र में मलबे के नीचे दबे लोगों की खोज जारी है।

कीव, चार नवंबर (एपी) यूक्रेन में कीव और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को रातभर महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले होने के कारण घंटों पानी और बिजली की आपूर्ति ठप रही, जबकि बचावकर्मी देश के दक्षिण हिस्से में मलबे से जीवित लोगों को तलाशने में जुटे रहे जहां तीन दिन पहले पिछले पांच साल से जारी युद्ध में एक सबसे घातक हमला किया गया। सोमवार को, ज़ापोरिझिया क्षेत्र में अग्रिम मोर्चे के पास स्थित कोमिशुवाखा गांव में एक स्कूल और आश्रय स्थल पर रूस के कई बम गिरे थे। प्रशासन ने 37 मौतों की पुष्टि की है।

उसका कहना है कि लगभग 38 लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। रूस ने अन्य स्थानों पर भी अपने हवाई हमलों को धीमा करने के कोई संकेत नहीं दिए। यूक्रेन की राजधानी कीव में, निवासियों से सार्वजनिक पेयजल फव्वारों का उपयोग करने का आग्रह किया गया और सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में आनन-फानन में आपात केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लोगों को गर्म चाय और बिजली के उपकरण चार्ज करने के लिए ‘पावर पॉइंट’ मुहैया कराए जा रहे हैं।

कीव की जल वितरण कंपनी ने बाद में कहा कि शहर में आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी, डीटीईके ने कहा कि मरम्मत दलों द्वारा प्रणाली को स्थिर करने के बाद कीव में बिजली की आपात कटौती समाप्त हो गई। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने रातभर में 310 ड्रोनों से यूक्रेन पर हमला किया, जिनमें 81 जेट-संचालित ड्रोन शामिल थे। वायु सेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि उसने विभिन्न प्रकार के 272 ड्रोनों को मार गिराया या उन्हें निष्क्रिय कर दिया।

मंगलवार को नौ क्षेत्रों में बिजली संयंत्रों और उपविद्युत केंद्रों पर बड़े पैमाने पर रूसी हमले के कारण कीव और उसके आसपास के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। सरकारी बिजली कंपनी उक्रेनर्गो ने कहा कि रूस ने 24 घंटों में 20 से अधिक बार ऊर्जा केंद्रों पर हमला किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़