Houthi विद्रोहियों के हमलों से दहला Saudi Arabia, 73 लोग हुए घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों में असैन्य और आर्थिक प्रतिष्ठानों पर मंगलवार तड़के हुए हमलों में 73 लोग घायल हो गए। गठबंधन सेना के अनुसार ईरान समर्थित विद्रोहियों को रोकने के लिए जरूरी सैन्य कार्रवाई की जाएगी। यह घटना यमन में जारी संघर्षविराम टूटने के बाद बढ़ते तनाव के बीच घटी है।

काहिरा, आठ सितंबर (एपी) ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा मंगलवार तड़के सऊदी अरब पर किए गए हमलों में 73 लोग घायल हो गए। सऊदी अरब के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यमन में हूतियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि विद्रोहियों ने सऊदी अरब के अबहा जजान, नजरान और खमिस मुशैत शहरों में ‘‘असैन्य और आर्थिक प्रतिष्ठानों’’ को निशाना बनाया।

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के नेतृत्व वाला गठबंधन ‘‘आतंकवादी हूती मिलिशिया को रोकने के लिए पूरी दृढ़ता के साथ सभी आवश्यक सैन्य कार्रवाई करेगा।’’ हूतियों ने इन हमलों से पहले आरोप लगाया था कि सऊदी अरब ने यमन के उत्तरी प्रांत अल-जौफ में स्थित एक जेल पर हमला किया है। ये हमले यमन में हूतियों और सऊदी अरब समर्थित सरकारी बलों के बीच कई हफ्तों से जारी बढ़ती लड़ाई के बीच हुए हैं। इस लड़ाई ने यमन के गृहयुद्ध में चार साल से जारी संघर्षविराम को खत्म कर दिया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़