Sri Lankan Navy ने अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 32 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया

Sri Lankan Navy
ANI

श्रीलंकाई समुद्री सीमा में अवैध रूप से घुस जाने की कई कथित घटनाओं में पाक जलडमरूमध्य में श्रीलंका के नौसैनिक भारतीय मछुआरों पर गोलियां भी चला देते हैं और उनकी नौकाएं जब्त कर लेते हैं।

श्रीलंका के तलाईमन्नार तट और डेल्फ्ट उपद्वीप के समीप समुद्री सीमा में बुधवार को कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर श्रीलंकाई नौसेना ने कम से कम 32 भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिये जाने के मामले में इस साल भारतीय मछुआरों की एक दिन में यह सर्वाधिक संख्या है।एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी है। बयान के अनुसार नौसेना ने तलाईमन्नार में सात भारतीय मछुआरों को दो नौकाओं के साथ तथा डेल्फ्ट उपद्वीप के पास 25 भारतीय मछुआरों को तीन नौकाओं के साथ पकड़ा।

बयान के मुताबिक सात मछुआरों और उनकी दो नौकाओं को तलाईमन्नार गोदी में लाया गया जबकि 25 मछुआरों और उनकी तीन नौकाओं को कंकासंथुरई बंदरगाह ले जाया गया। इन मछुआरों और उनकी नौकाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए क्रमश: मन्नार एवं मैलाडी के मात्स्यिकी निरीक्षकों को सौंपा जाएगा।

नौसेना ने 2024 में अबतक 23 भारतीय नौकाओं और 178 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है और उन्हें कानूनी कार्रवाई के वास्ते प्रशासन को सौंपा है। मछुआरों का मुद्दा भारत एवं श्रीलंका के आपसी रिश्ते में एक विवादास्पद मुद्दा है।

श्रीलंकाई समुद्री सीमा में अवैध रूप से घुस जाने की कई कथित घटनाओं में पाक जलडमरूमध्य में श्रीलंका के नौसैनिक भारतीय मछुआरों पर गोलियां भी चला देते हैं और उनकी नौकाएं जब्त कर लेते हैं।

पाक जलडमरूमध्य श्रीलंका को तमिलनाडु से अलग करने वाली संकरी जलपट्टी है जो दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछलियां पकड़ने की जगह है। एक-दूसरे के समुद्री सीमा में अनजाने में पहुंच जाने पर अक्सर दोनों देशों के मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया जाता है। वर्ष 2023 में श्रीलंका की नौसेना ने उसकी समुद्री सीमा में कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर 240 भारतीय मछुआरों को 35 नौकाओं के साथ पकड़ा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़