Syria और Russia के बीच हुआ समझौता, हमीमीम और टार्टस बेस का नियंत्रण सीरिया लेगा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सीरियाई विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि लताकिया स्थित हमीमीम हवाई अड्डे और टार्टस बंदरगाह के वाणिज्यिक बर्थ का नियंत्रण अब सीरिया का नागरिक प्रशासन संभालेगा। इस समझौते के बाद दोनों भूमध्यसागरीय ठिकानों पर रूसी सैन्य चौकियों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा और वहाँ मौजूद सैन्य केंद्र संयुक्त प्रशिक्षण केंद्र में तब्दील कर दिए जाएंगे। सीरिया में सत्ता परिवर्तन के बाद तटीय क्षेत्रों में रूसी मौजूदगी को नए सिरे से व्यवस्थित करने के तहत यह कदम उठाया गया है।

दमिश्क, नौ अगस्त (एपी) सीरियाई विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि सीरिया और रूस दो रणनीतिक भूमध्यसागरीय तटीय ठिकानों के भविष्य को लेकर एक समझौते पर पहुंच गए हैं, जिससे अंततः मॉस्को के लिए सैन्य चौकियों के रूप में उनका उपयोग समाप्त हो जाएगा। सीरिया 2011 एवं 2024 के बीच जब इस्लामी गुट के नेतृत्व वाले सशस्त्र विपक्ष से लड़ रहा था, तब रूस सत्ता से बेदखल राष्ट्रपति बशर अल-असद का सबसे बड़ा राजनीतिक और सैन्य सहयोगी था। इस विपक्षी गुट के प्रमुख उग्रवादी नेताओं में एक मौजूदा अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा भी थे।

इस संघर्ष के दौरान, लताकिया के पास स्थित हमीमीम हवाई अड्डा और टार्टस नौसेना अड्डा पूर्वी भूमध्यसागर में रूस के अहम ठिकाने थे। इस समझौते के तहत, सीरिया अपने नागरिक प्रशासन के तौर पर हमीमीम हवाई अड्डे और टार्टस बंदरगाह पर वाणिज्यिक बर्थ का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेगा। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों जगहों पर मौजूद सैन्य केंद्र ‘संयुक्त प्रशिक्षण केंद्र’ बन जायेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि ये नई व्यवस्थाएं सीरिया के तट पर ‘रूसी मौजूदगी को फिर से व्यवस्थित करने’ का हिस्सा हैं। रूस ने तत्काल इस समझौते पर कोई टिप्पणी नहीं की है। वैसे, असद को सत्ता से हटाने पर केंद्रित विद्रोह के दौरान रूस ने कोई दखल नहीं दिया था, लेकिन उसने लंबे समय तक सीरिया के नेता रहे असद और उनके परिवार को शरण जरूर दी।

असद के हटने के बाद, सीरिया में मौजूद रूसी सैनिक धीरे-धीरे देश छोड़कर चले गए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़