अमेरिका के तीन राज्यों में गोलीबारी की घटनाओं में दो लोगों की मौत, 30 घायल

shooting

अमेरिका के तीन राज्यों में देर रात हुई गोलीबारी की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गयी और कम से कम 30 अन्य लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने इस बारे में बताया।

शिकागो। अमेरिका के तीन राज्यों में देर रात हुई गोलीबारी की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गयी और कम से कम 30 अन्य लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। इन घटनाओं ने अमेरिका में हिंसा के इस प्रकार के मामलों में और इजाफा होने की आशंका बढ़ा दी है क्योंकि गर्मियां शुरू हो चुकी हैं और कोरोना वायरस के कारण लगी पाबंदियों में ढील के कारण लोगों को एक दूसरे से मिलने-जुलने की इजाजत मिल गयी है। ये घटनाएं शुक्रवार और शनिवार की रात टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन, शिकागो और जॉर्जिया के सवाना में हुईं।

इसे भी पढ़ें: बढ़ते कोरोना वायरस केस के कारण बांग्लादेश में 30 जून तक बंद रहेंगे स्कूल, कॉलेज

ऑस्टिन में पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया है और अन्य की तलाश कर रही है। ऑस्टिन में गोलीबारी की घटना में 14 लोग घायल हुए हैं। ऑस्टिन पुलिस विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए ‘यूएस मार्शल्स लोन स्टार फ्यूजिटिव टास्क फोर्स’ की मदद ली जा रही है हालांकि उन्होंने इस संबंध में और अधिक जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि वे सुरागों के आधार पर संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं जो अब भी फरार है। अंतरिम पुलिस प्रमुख जोसेफ चाकोन ने बताया कि गोलीबारी की घटना रात करीब डेढ़ बजे सड़क पर हुई। सड़क किनारे कई बार हैं और वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए अवरोधक लगाये गये हैं। उन्होंने बताया कि जांच अधिकारियों का मानना है कि दो पक्षों में विवाद के बाद गोलीबारी की शुरुआत हुई।

इसे भी पढ़ें: कोरोना वायरस के कारण अनाथ हुए बच्चों का भविष्य अधर में लटका, मदद के लिए कर रहें हैं संघर्ष

चाकोन ने बताया कि दोनों संदिग्ध पुरुष हैं और मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया, ‘‘अधिकतर पीड़ित बेकसूर पैदल यात्री हैं, लेकिन हम इस बात का पता लगा रहे हैं कि घटना के वक्त वे वहां क्यों मौजूद थे।’’ उन्होंने बताया कि घटना के बाद अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि सड़क के अवरूद्ध होने के कारण वहां अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गयी थी। पुलिस ने छह घायलों को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस से चार मरीजों को अस्पताल ले जाया गया और चार अन्य खुद ही अस्पताल पहुंचे। गवर्नर ग्रेग एबॉट ने बयान जारी कर पुलिस का शुक्रिया अदा किया है और पीड़ितों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। एबॉट ने बताया कि राज्य का जन सुरक्षा विभाग जांच में मदद कर रहा है। चाकोन ने बताया कि मामले में एफबीआई और शराब, तंबाकू एवं हथियार ब्यूरो की भी सहायता ली जा रही है।

एक चश्मदीद मैट पर्लस्टीन ने केएक्सएएन-टीवी को बताया कि जब गोलीबारी की घटना हुई, तब वह अपने एक दोस्त के साथ बार में घुसने का इंतजार कर रहा था। इस बीच, शिकागो के दक्षिणी छोर पर स्थित चाथम में एक सड़क के किनारे खड़े लोगों के समूह पर दो व्यक्तियों ने गोलियां चलायीं जिससे एक महिला की मौत हो गयी और नौ अन्य घायल हो गये। हमलावर फरार हैं और शनिवार दोपहर तक उनकी पहचान नहीं हो पायी है। जॉर्जिया के सवाना में पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हुई है और सात अन्य घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे हैं, जिनमें से एक की उम्र 18 महीने और दूसरे की उम्र 13 साल है। सवाना के पुलिस प्रमुख रॉय मिंटर जूनियर ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि गोलीबारी की यह घटना दो समूहों में विवाद का नतीजा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़