गाड़ी चला रही दो महिलाओं को सऊदी अरब की पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुबई। सऊदी अरब ने दमनकारी कार्रवाई जारी रखते हुए दो और महिला अधिकार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। महिलाओं के मोटर वाहन चलाने पर दशकों से लगी पाबंदी हटाने के प्रस्तावित फैसले से चंद दिनों पहले यह कार्रवाई की गई है। ह्यूमन राइट्स वॉच ने आज यह जानकारी दी।
ह्यूमन राइट्स वॉच ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता नउफ अब्देलअजीज और माया अल- जहरानी को इस महीने की शुरूआत में गिरफ्तार किया गया। कम से कम 14 अन्य महिला अधिकार प्रचारकों एवं समर्थकों को हिरासत में लिए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
एक बयान में ह्यूमन राइट्स वॉच ने कहा, ‘‘ सऊदी अधिकारियों ने दो और महिला अधिकार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है .... यह महिला अधिकार आंदोलन पर लगातार दमनात्मक कार्रवाई प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने कहा , ‘‘ सऊदी कार्यकर्ताओं ने बताया है कि अधिकारियों ने 15 मई से ही कई अन्य पर यात्रा पाबंदियां लगा दी हैं। सऊदी अधिकारियों से इस मुद्दे पर अभी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। सरकार ने इस महीने की शुरूआत में कहा कि उसने सऊदी शासन की सुरक्षा ‘‘कमजोर’’ करने को लेकर 17 लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि , इन लोगों के नाम नहीं बताए गए हैं।
नागरिक अधिकार संगठनों ने हिरासत में लिए गए लोगों में से कई की पहचान उन महिला कार्यकर्ताओं के तौर पर की है जो महिलाओं के वाहन चलाने के अधिकार के लिए लड़ रही हैं और रूढ़िवादी इस्लामी शासन में पुरूष अभिभावक वाली व्यवस्था को खत्म करने की मुहिम चला रही हैं।
ह्यूमन राइट्स वॉच ने कहा कि कार्यकर्ता एवं लेखिका अब्देलअजीज को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब उन्होंने हिरासत में ली गई महिलाओं का खुलकर समर्थन किया। उनकी दोस्त जहरानी को कुछ दिन बाद गिरफ्तार किया गया। दोनों महिलाओं को हिरासत में लिए जाने के बाद उनसे कोई संवाद नहीं हो सका है।
अन्य न्यूज़