Houthi विद्रोहियों की मदद के आरोप में US ऊर्जा विभाग का इंजीनियर गिरफ्तार, FBI ने पकड़ा

अमेरिका के ऊर्जा विभाग में कार्यरत 51 वर्षीय इंजीनियर एश्टन हैमेड एलाबाउडी को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को सहायता पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। संघीय जांच ब्यूरो के अनुसार आरोपी ने विस्फोटक रसायन और ड्रोन के पुर्जे खरीदे थे। उसने अधिकारियों से ओमान यात्रा और मिसाइल रक्षा मिशन से जुड़े होने का झूठा दावा भी किया था।
वाशिंगटन, दो अक्टूबर (एपी) अमेरिका में ऊर्जा विभाग के एक अभियंता को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। न्याय विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। वाशिंगटन के रिचलैंड निवासी 51 वर्षीय एश्टन हैमेड एलाबाउडी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया और उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
अदालती अभिलेखों में फिलहाल उसकी ओर से पैरवी करने वाले किसी वकील का नाम दर्ज नहीं है। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के अनुसार एलाबाउडी के खिलाफ जांच तब शुरू हुई, जब अधिकारियों को पता चला कि उसने विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाले एसीटोन और सोडियम बाइसल्फेट जैसे रसायन तथा ड्रोन में इस्तेमाल होने वाले पुर्जे खरीदे थे। एफबीआई के अनुसार, एलाबाउडी का उद्देश्य हूती विद्रोहियों की संचार क्षमताओं को बेहतर बनाने में मदद करना था।
इसी सिलसिले में वह पिछले साल सितंबर में यमन गया था। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका लौटने पर एलाबाउडी ने सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा अधिकारियों से झूठ बोला कि वह आधिकारिक काम से ओमान की यात्रा करके लौटा है और मिसाइल रक्षा प्रणालियों का निरीक्षण करने वाले अमेरिकी सरकारी मिशन का हिस्सा था। हालांकि, एफबीआई के हलफनामे के अनुसार, जब जांचकर्ताओं ने एलाबाउडी के वरिष्ठों से पूछताछ की तो उन्होंने उसकी किसी अंतरराष्ट्रीय यात्रा या किसी मिसाइल निरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी होने से इनकार किया।
अन्य न्यूज़














